Saturday, June 20, 2026
Home FIFA WORLD CUP FIFA WORLD CUP 2026 : ब्राजील ने हैती को हराया

FIFA WORLD CUP 2026 : ब्राजील ने हैती को हराया

मैथियस कुन्हा ने दागे दो गोल, अपने पूल में टॉप पर पहुंचा ब्राजील

by Khel Dhaba
0 comment

फिलाडेल्फिया, 20 जून। मोरक्को के खिलाफ फीका प्रदर्शन करने वाली पांच बार की विश्व चैंपियन ब्राजील ने फीफा विश्व कप 2026 के ग्रुप सी के अपने दूसरे मुकाबले में हैती को 3-0 से हराकर नॉकआउट चरण की ओर मजबूत कदम बढ़ाया। स्टार स्ट्राइकर मैथियस कुन्हा ने दो गोल दागे जबकि विनीसियस जूनियर ने एक गोल करने के साथ एक गोल में सहायता भी की।

मैनचेस्टर यूनाइटेड के फॉरवर्ड कुन्हा ने 23वें मिनट में अपना पहला विश्व कप गोल किया और फिर 36वें मिनट में शानदार बाएं पैर के शॉट से बढ़त को दोगुना कर दिया। इसके बाद विनीसियस जूनियर ने पहले हाफ के अतिरिक्त समय (45+3 मिनट) में गोल कर ब्राजील को 3-0 की निर्णायक बढ़त दिला दी।

दूसरे हाफ में हैती ने ब्राजील की अग्रिम पंक्ति को रोक कर रखा और कोई गोल नहीं होने दिया।

लिंकन फाइनेंशियल फील्ड में खेले गए इस मुकाबले में ब्राजील ने शुरुआत से ही दबदबा बनाए रखा। ब्राजील के लिए राफिन्हा ने शुरुआती मिनटों में गोल भी किया था, लेकिन ऑफसाइड के कारण उसे मान्यता नहीं मिली।

इस हार के साथ हैती फीफा विश्व कप 2026 के नॉकआउट चरण की दौड़ से बाहर होने वाली पहली टीम बन गई। 1974 के बाद पहली बार विश्व कप में पहुंची हैती की टीम ब्राजील के सामने संघर्ष करती नजर आई।

ब्राजील के कोच कार्लो एंसेलोटी द्वारा शुरुआती एकादश में मौका मिलने पर कुन्हा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी उपयोगिता साबित की। मोरक्को के खिलाफ पहले मैच में उन्हें देर से मैदान पर उतारा गया था, लेकिन इस बार उन्होंने टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।

इस जीत के साथ ब्राजील की टीम 4 अंकों के साथ अपने पूल सी में टॉप पर आ गई है। चार अंक मोरक्को के भी हैं पर गोल के मामले में ब्राजील की टीम ऊपर है। यह 41वीं बार है जब ब्राज़ील ने वर्ल्ड कप मैच में कम से कम तीन गोल किए हैं। टूर्नामेंट के इतिहास में किसी भी देश के लिए यह सबसे ज़्यादा बार है।

स्कोरलाइन:
ब्राजील 3-0 हैती

गोल स्कोरर:
मैथियस कुन्हा (23′, 36′)
विनीसियस जूनियर (45+3′)

 

You may also like

Leave a Comment

खेलढाबा.कॉम

खेलढाबा.कॉम, खेल पत्रकार की सोच और बहुत सारे खेल प्रेमियों के सुझाव व साथ का परिणाम है। बड़े निवेश की खेल वेबसाइट्स की भीड़ में खेलढाबा.कॉम के अलग होने की यह भी एक बड़ी वजह है। तो, जिले-कस्बों से बड़े आयोजनों तक की कवरेज के लिए जुड़े रहें खेलढाबा.कॉम से।

Newsletter

Laest News

@2025 – All Right Reserved.