Saturday, June 20, 2026
Home FIFA WORLD CUP मोरक्को के साइबारी ने दागा FIFA WORLD CUP 2026 का सबसे तेज गोल

मोरक्को के साइबारी ने दागा FIFA WORLD CUP 2026 का सबसे तेज गोल

स्कॉटलैंड पर 1-0 की जीत के साथ मोरक्को ग्रुप सी में टॉप पर

by Khel Dhaba
0 comment

फॉक्सबोरो (मैसाचुसेट्स), 20 जून। इस्माइल साइबारी (71 सेकेंड) द्वारा फीफा विश्व कप 2026 में किये गए सबसे तेज गोल की बदौलत मोरक्को ने स्कॉटलैंड को हरा कर ग्रुप सी में अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। इस जीत के साथ मोरक्को के खाते में दो मैचों में चार अंक हो गए हैं और वह अपने ग्रुप में टॉप पर पहुंच गया है।

शुरुआत में ही कर दिया बड़ा वार

चार साल पहले विश्व कप सेमीफाइनल में पहुंचकर इतिहास रचने वाली मोरक्को की टीम ने शुरुआत से ही स्कॉटलैंड पर दबाव बनाए रखा। मैच का एकमात्र गोल साइबारी ने ब्राहिम डियाज के शानदार थ्रू पास पर किया। स्कॉटिश डिफेंडर ग्रांट हैनली की चूक का फायदा उठाते हुए साइबारी ने गेंद को गोल में पहुंचा दिया। यह मौजूदा विश्व कप का सबसे तेज गोल भी बन गया।

मोरक्को ने पूरे मुकाबले में गेंद पर कब्जा बनाए रखा और रिकॉर्ड 601 पास पूरे किए जो 1966 के बाद किसी भी अफ्रीकी टीम द्वारा विश्व कप मैच में सबसे अधिक हैं। हालांकि कई अवसर मिलने के बावजूद टीम बढ़त को दोगुना नहीं कर सकी।

मोरक्को का रहा पूरा दबदबा

साइबारी ने पिछले मैच में ब्राजील के खिलाफ भी गोल किया था और अब वह विश्व कप में अपने पहले दो मुकाबलों में गोल करने वाले मिस्र के मोहम्मद सलाह के बाद दूसरे अफ्रीकी खिलाड़ी बन गए हैं।

अज्जेदीन ऊनाही, बिलाल एल खन्नूस और साइबारी ने लगातार स्कॉटलैंड की रक्षा पंक्ति को परेशान किया। दूसरे हाफ में साइबारी का एक शॉट पोस्ट से टकराया, जबकि एल खन्नूस के हेडर को गोलकीपर एंगस गन ने शानदार बचाव से रोका।

स्कॉटलैंड की राह हुई मुश्किल

स्कॉटलैंड, जिसने पहले मैच में हैती को हराकर 36 वर्षों बाद विश्व कप जीत का स्वाद चखा था, इस मुकाबले में पूरे समय संघर्ष करता नजर आया। टीम पहला प्रभावी प्रयास भी पहले हाफ के इंजरी टाइम में ही कर सकी।

अंतिम मिनटों में स्कॉटलैंड ने बराबरी की कोशिश की, लेकिन मोरक्को की मजबूत रक्षापंक्ति के सामने सफलता नहीं मिली। अब स्कॉटलैंड को अपने अंतिम ग्रुप मैच में पांच बार की विश्व चैंपियन ब्राजील का सामना करना होगा, जबकि मोरक्को की भिड़ंत हैती से होगी।

जीत से खुश दिखे मोरक्को के कोच

मोरक्को के कोच मोहम्मद औहबी ने कहा, “हम दूसरा गोल करना चाहते थे ताकि मैच आसान हो जाए, लेकिन टीम ने शानदार प्रदर्शन किया। जीत सबसे महत्वपूर्ण थी और हम उससे खुश हैं।”

वहीं स्कॉटलैंड के मिडफील्डर रयान क्रिस्टी ने कहा, “शुरुआत हमारी योजना के मुताबिक नहीं रही। दूसरे हाफ में हमने बेहतर खेल दिखाया, लेकिन बराबरी का गोल नहीं कर सके।”

वर्ल्ड कप के इतिहास में सबसे तेज 5 गोल।
हाकान सुकुर (तुर्की) बनाम दक्षिण कोरिया, 2002 | 11 सेकंड
वाक्लाव मासेक (चेकोस्लोवाकिया) बनाम मैक्सिको, 1962 | 16 सेकंड
अर्न्स्ट लेहनर (जर्मनी) बनाम ऑस्ट्रिया, 1934 | 24 सेकंड
ब्रायन रॉबसन (इंग्लैंड) बनाम फ्रांस, 1982 | 27 सेकंड
क्लिंट डेम्पसी (USA) बनाम घाना, 2014 | 30 सेकंड।

स्कोरलाइन:
मोरक्को 1-0 स्कॉटलैंड
गोल: इस्माइल साइबारी 2′ (71 सेकंड)।

You may also like

Leave a Comment

खेलढाबा.कॉम

खेलढाबा.कॉम, खेल पत्रकार की सोच और बहुत सारे खेल प्रेमियों के सुझाव व साथ का परिणाम है। बड़े निवेश की खेल वेबसाइट्स की भीड़ में खेलढाबा.कॉम के अलग होने की यह भी एक बड़ी वजह है। तो, जिले-कस्बों से बड़े आयोजनों तक की कवरेज के लिए जुड़े रहें खेलढाबा.कॉम से।

Newsletter

Laest News

@2025 – All Right Reserved.