Wednesday, May 20, 2026
Home IPL वैभव सूर्यवंशी ने इस सेलिब्रेशन का खोला राज, बताया किसको है यह समर्पित

वैभव सूर्यवंशी ने इस सेलिब्रेशन का खोला राज, बताया किसको है यह समर्पित

यह सिर्फ शुरुआत है, आगे मेरे बारे में बहुत बातें होंगी : वैभव सूर्यवंशी

by Khel Dhaba
0 comment

पुरस्कार वितरण समारोह के दौरान वैभव सूर्यवंशी से जब पूछा गया कि अर्धशतक बनाने के बाद आपका सेलिब्रेशन क्या था। जवाब में वैभव ने कहा था कि सच कहूं तो मुझे खुद नहीं पता कि वह क्या था। पिछले मैच का सेलिब्रेशन भी किसी खास मतलब का नहीं था। मैं बस हर बार कुछ नया करने की कोशिश करता हूं। पर वैभव सूर्यवंशी ने इस सेलिब्रेशन का राज राजस्थान रॉयल्स के मैनेजर रोमी भिंडर से बातचीत में खोल दिया। इसका वीडियो राजस्थान रॉयल्स ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर डाला है। वैभव सूर्यवंशी ने कहा कि यह सेलिब्रेशन अपनी मां को समर्पित किया है। वैभव सूर्यवंशी की मां का नाम आरती सूर्यवंशी है और सेलिब्रेशन में जो साइन दिख रहा है वह ए (A) शब्द है।

वैभव सूर्यवंशी के पिता संजीव सूर्यवंशी और मां आरती सूर्यवंशी।

अपना खेल सफर जारी रखना ही लक्ष्य

वैभव सूर्यवंशी अभी महज 15 साल के हैं, लेकिन उन्हें अच्छी तरह पता है कि अगर उनका करियर लंबा चला तो तारीफों और चर्चाओं की कोई कमी नहीं होगी। हालांकि युवा बल्लेबाज का कहना है कि वह इन सब चीजों से प्रभावित हुए बिना अपने खेल और सफर पर ध्यान देना चाहते हैं। मैच के बाद जब उनसे पूछा गया कि क्या वह अपने बारे में लिखी जा रही बातें पढ़ते हैं, तो मुस्कुराते हुए उन्होंने कहा कि मैं अखबार वगैरह नहीं पढ़ता।

उन्होंने कहा कि मुझे लगता है कि यह तो सिर्फ शुरुआत है। अगर मेरा कैरियर लंबा रहा तो मेरे बारे में बहुत सारी बातें होंगी। मैं सिर्फ अपने खेल और पूरे सफर पर ध्यान देना चाहता हूं। अपनी पारी के बारे में वैभव ने बताया कि शुरुआत में उन्होंने जल्दबाजी नहीं की। पहले 12 गेंदों में उन्होंने सिर्फ 11 रन बनाए, लेकिन बाद में 23 गेंदों में अर्धशतक पूरा कर लिया।

उन्होंने कहा कि जब मैं बाहर बैठा था तब विकेट काफी अच्छी लग रही थी। मैं जल्दबाजी नहीं करना चाहता था और अपना समय लेना चाहता था। मुझे पता था कि इससे दूसरे बल्लेबाज को भी मदद मिलेगी। मुझे हमेशा भरोसा था कि मैं कभी भी बड़े शॉट खेल सकता हूं। राजस्थान रॉयल्स के कप्तान यशस्वी जायसवाल ने भी युवा बल्लेबाज की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि वैभव ने जिस तरह बल्लेबाजी की, उसने मैच पूरी तरह बदल दिया। मैं अच्छे क्रिकेटिंग शॉट खेलकर टीम को गति देना चाहता था। हमने तय किया था कि हम दोनों में से एक बल्लेबाज अंत तक रहेगा और वैभव ने मैच खत्म कर दिया।

एक आईपीएल पारी में 10 या उससे ज्यादा छक्कों का रिकॉर्ड

वैभव सूर्यवंशी ने अपनी कई पारियों में छक्कों की बरसात की है। आईपीएल की एक पारी में 10 या उससे अधिक छक्के लगाने के मामले में वह अब दुनिया के दूसरे सबसे सफल बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने इस सूची में अभिषेक शर्मा को पीछे छोड़ दिया है। इस सूची में क्रिस गेल चार बार के साथ पहले स्थान पर हैं, जबकि वैभव सूर्यवंशी तीन बार यह कारनामा कर दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं। अभिषेक शर्मा और फिन एलन ने दो-दो बार एक पारी में 10 से ज्यादा छक्के लगाए हैं।

पावरप्ले में रनों का अंबार

वैभव ने इस सीजन में पावरप्ले ओवरों में ऐसी बल्लेबाजी की है कि उन्होंने ट्रेविस हेड और साई सुदर्शन जैसे बल्लेबाजों को भी पीछे छोड़ दिया है। वह अब आईपीएल इतिहास में एक सीजन के पावरप्ले में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं। डेविड वॉर्नर 2016 में बनाए गए 467 रनों के साथ पहले स्थान पर हैं, जबकि वैभव सूर्यवंशी ने 2026 सीजन में 426 रन बनाकर दूसरा स्थान हासिल किया है। ट्रेविस हेड और साई सुदर्शन 402-402 रन के साथ अब उनसे पीछे हैं।

500+ रन बनाने वालों में सबसे खतरनाक स्ट्राइक रेट

वैभव सूर्यवंशी सिर्फ रन ही नहीं बना रहे, बल्कि उनका स्ट्राइक रेट भी इतिहास रच रहा है। वह आईपीएल इतिहास के पहले ऐसे बल्लेबाज बन गए हैं जिन्होंने एक सीजन में 500 से ज्यादा रन बनाए हों और उनका स्ट्राइक रेट सबसे ज्यादा रहा हो। उन्होंने आंद्रे रसेल का 2019 का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया, जिनका स्ट्राइक रेट 204.8 था।

एक आईपीएल सीजन में सबसे ज्यादा स्ट्राइक रेट का रिकॉर्ड

न्यूनतम 500 रन के मापदंड पर वैभव सूर्यवंशी 236.3 के ऐतिहासिक स्ट्राइक रेट के साथ आईपीएल इतिहास में सबसे ऊपर पहुंच गए हैं। उनके बाद आंद्रे रसेल, अभिषेक शर्मा, निकोलस पूरन और ट्रेविस हेड का नाम आता है। महज 15 साल की उम्र में वैभव सूर्यवंशी जिस अंदाज में बल्लेबाजी कर रहे हैं, उसने पूरे क्रिकेट जगत को रोमांचित कर दिया है। क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले वर्षों में वह भारतीय क्रिकेट के सबसे बड़े सितारों में शामिल हो सकते हैं।

इस रिकॉर्ड से वैभव ने रचा इतिहास

वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में ऐसा इतिहास रच दिया है जो सुपर से भी ऊ पर का है। जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ खेली गई उनकी तूफानी पारी ने पूरे क्रिकेट जगत को हैरान कर दिया। महज 15 साल की उम्र में वैभव ने 38 गेंदों पर 93 रन की विस्फोटक पारी खेली और राजस्थान रॉयल्स को शानदार जीत दिलाई। शुरुआत में वह थोड़े संभलकर खेलते नजर आए और पहले 10 गेंदों पर सिर्फ 5 रन बनाए, लेकिन इसके बाद उन्होंने सिर्फ 28 गेंदों में 88 रन ठोककर मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया।

19 साल के आईपीएल इतिहास में सबसे बड़ा रिकॉर्ड

पारी के दौरान जैसे ही वैभव ने 8 रन पूरे किए, उन्होंने आईपीएल इतिहास का ऐसा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया, जिसे तोड़ना बेहद मुश्किल माना जा रहा है। वह आईपीएल के एक सीजन में सबसे कम उम्र में 500 रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए। वैभव ने यह कारनामा सिर्फ 15 साल और 26 दिन की उम्र में कर दिखाया। इससे पहले यह रिकॉर्ड पृथ्वी शॉ के नाम था, जिन्होंने 19 साल 164 दिन की उम्र में एक सीजन में 500 रन पूरे किए थे।

सबसे कम उम्र में 500 रन बनाने वाले बल्लेबाज

बल्लेबाज                 उम्र
वैभव सूर्यवंशी      15 साल 26 दिन
पृथ्वी शॉ             19 साल 164 दिन
संजू सैमसन        19 साल 195 दिन
ऋषभ पंत              19 साल 220 दिन
ईशान किशन          19 साल 295 दिन

You may also like

Leave a Comment

खेलढाबा.कॉम

खेलढाबा.कॉम, खेल पत्रकार की सोच और बहुत सारे खेल प्रेमियों के सुझाव व साथ का परिणाम है। बड़े निवेश की खेल वेबसाइट्स की भीड़ में खेलढाबा.कॉम के अलग होने की यह भी एक बड़ी वजह है। तो, जिले-कस्बों से बड़े आयोजनों तक की कवरेज के लिए जुड़े रहें खेलढाबा.कॉम से।

Newsletter

Laest News

@2025 – All Right Reserved.

Verified by MonsterInsights