बिदुपुर (वैशाली), 5 अप्रैल। वैशाली जिला के बिदुपुर स्थित बिहार क्रिकेट एकेडमी ग्राउंड पर चल रहे रणधीर वर्मा बीसीए मेंस अंडर-19 वनडे ट्रॉफी के वेस्टर्न जोन के मुकाबले में सारण ने सीवान पर चार रन की रोमांचक जीत दर्ज की। सारण के राहुल यादव को प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया।
मैच का सार
टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी करते हुए सारण ने नौ विकेट पर 50 ओवर में 300 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया, जिसके जवाब में सीवान की टीम 49.2 ओवर में 296 रन बनाकर ऑल आउट हो गई।
सारण की पारी: मध्यक्रम ने संभाली जिम्मेदारी
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी सारण की शुरुआत अच्छी नहीं रही और टीम ने शुरुआती विकेट जल्दी गंवा दिए। लेकिन इसके बाद राहुल यादव ने पारी को संभालते हुए शानदार 85 रन बनाए। उनके साथ आयुष पांडे ने आक्रामक अंदाज में 73 रनों की पारी खेली, जिसमें कई बड़े शॉट शामिल रहे।
अंत के ओवरों में रमेश कुमार (26) और रामानुज कुमार (22) ने महत्वपूर्ण योगदान देकर टीम को 300 रन के स्कोर तक पहुंचाया। अतिरिक्त रन (48) भी टीम के स्कोर में अहम साबित हुए।
सीवान की ओर से सौरभ यादव ने 3, रितेश और अर्णव ने 2-2 जबकि अमित और रितिक ने 1-1 विकेट चटकाये।
सीवान की जोरदार टक्कर, अभिषेक का शतक
301 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए सीवान ने भी शानदार बल्लेबाजी की। अभिषेक कुमार अर्जुन ने बेहतरीन शतक (109 रन) जड़ते हुए टीम को मैच में बनाए रखा। उनके अलावा अमित कुमार पटेल ने 68 रन और अर्णव तिवारी ने 40 रनों की उपयोगी पारी खेली।
हालांकि बीच के ओवरों में लगातार विकेट गिरने से टीम दबाव में आ गई। आखिरी ओवरों में सिवान को जीत के लिए मात्र 7 रन की जरुरत थी पर टीम की ओर से दो रन ही बने। सारण के गेंदबाजों ने संयम बनाए रखते हुए टीम को 296 रन पर समेट दिया।
गेंदबाजों ने दिलाई जीत
सारण की ओर से राहुल यादव ने गेंद से भी कमाल करते हुए 2/31 का शानदार स्पेल डाला। उनके अलावा राज तिवारी (2/69) और रामानुज कुमार (2/60) ने अहम विकेट झटके।
संक्षिप्त स्कोर
सारण : 50 ओवर में नौ विकेट पर 300 रन, मोहित सिंह 12, राहुल यादव 85, गुड्डू यादव 12, आयुष पांडेय 73, रमेश सिंह 26, रामानुज कुमार 22, अतिरिक्त 48,सौरभ यादव 3/61, रितेश 2/38, अमित पटेल 1/42, रितिक राज 138, अर्णव तिवारी 2/40
सीवान : 49.2 ओवर में 296 रन पर ऑल आउट,अर्णव तिवारी 40, आदित्य सिंह 24, अभिषेक अर्जुन 109, सौरभ यादव 12, अमित पटेल 68, अतिरिक्त 23,राज तिवारी 2/69, गुड्डू यादव 1/54, मोहित सिंह 1/39, राहुल यादव 2/31, रामानुज कुमार 2/60.