भागलपुर, 2 अप्रैल। बिहार क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वावधान में खेली जा रही रणधीर वर्मा मेंस अंडर-19 वनडे ट्रॉफी 2025-26 के अंगिका जोन के मुकाबले में जमुई ने शानदार बल्लेबाजी और घातक गेंदबाजी के दम पर मुंगेर को 106 रनों से हराकर एकतरफा जीत दर्ज की। इस मैच में जमुई की ओर से निशु यादव ने शतक जमाया जबकि मोहम्मद अजमल फरहत 3 रन से शतक से चूक गए। मोहम्मद तौफिक ने 77 रन की पारी खेली। मोहम्मद अजमल फरहत (97 रन, दो विकेट) को प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया।
मैच का सार
स्थानीय सैंडिस कंपाउंड ग्राउंड पर खेले गए मैच में मुंगेर ने टॉस जीता और जमुई को बैटिंग का न्योता दिया। जमुई ने पहले बैटिंग करते हुए 50 ओवर में 6 विकेट पर 331 रन बनाये। जवाब में मुंगेर की टीम 43.4 ओवर में 225 रन पर ऑल आउट हो गई।
तीन बल्लेबाजों ने जमाया रंग
पहले बल्लेबाजी करते हुए जमुई डीसीए ने 50 ओवर में 6 विकेट पर 331 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की शुरुआत शानदार रही और कप्तान मोहम्मद तौफीक ने 77 रन की तेज पारी खेलकर टीम को मजबूत शुरुआत दी।
इसके बाद मोहम्मद अजमल फरहत ने 85 गेंदों पर 97 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें 12 चौके और 2 छक्के शामिल थे।
निशु यादव ने 101 गेंदों में 100 रन बनाकर शानदार शतक जड़ा और टीम को 300 के पार पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
मुंगेर टीम के गेंदबाज बड़े स्कोर के सामने संघर्ष करते नजर आए। कप्तान रजनीश कुमार ने 2 विकेट जरूर लिए, लेकिन अन्य गेंदबाज रन गति पर नियंत्रण नहीं रख सके।
मुंगेर की कोशिश, लेकिन लक्ष्य बड़ा
332 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंगेर टीम की शुरुआत अच्छी रही, लेकिन वह बड़े स्कोर के दबाव से उबर नहीं सकी।
अनमोल विश्वाश ने 78 रन और शिवम ने 39 रन बनाकर टीम को संभालने की कोशिश की।
दिव्यांशु कुमार ने 37 रन बनाए, लेकिन अन्य बल्लेबाज टिक नहीं सके। पूरी टीम 43.4 ओवर में 225 रन पर ऑलआउट हो गई।
जमुई के गेंदबाजों ने भी शानदार प्रदर्शन किया। हिमांशु कुमार ने 3 विकेट झटके, जबकि अजमल फरहत और सचिन कुमार भारद्वाज ने 2-2 विकेट लेकर टीम की जीत सुनिश्चित की।
संक्षिप्त स्कोर
जमुई : 50 ओवर में 6 विकेट पर 331 रन, मोहम्मद तौफिक 77, सचिन भारद्वाज 17, मोहम्मद अजमल फरहत 97, निशू यादव 100, शुभम कुमार 12, अतिरिक्त 12, रजनीश कुमार 2/83, नेहाल कुमार 2/47, शुभम राज 1/41
मुंगेर : 43.4 ओवर में 225 रन पर ऑल आउट, शिवम 39, अनमोल विश्वास 78, दिव्यांशु कुमार 37, हर्ष आर्यन 12, रजनीश कुमार 18, अनुराज कुमार 10, अतिरिक्त 19, सोनू कुमार 2/34, हिमांशु कुमार 3/22, रोहितश्वा भगत 1/45, सचिन भारद्वाज 2/28, मोहम्मद अजमल फरहत 2/28