रांची, 9 फरवरी। 69वीं राष्ट्रीय स्कूली बॉक्सिंग (SGFI) अंडर-19 प्रतियोगिता में झारखंड की बेटियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य का नाम रोशन किया है। बेंगलुरु के जलाहल्ली स्थित संत क्लेरेट पीयू कॉलेज में आयोजित इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में झारखंड की बालिकाओं ने कड़े मुकाबलों के बीच दो रजत और एक कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
यह उपलब्धि न केवल खिलाड़ियों की मेहनत और अनुशासन को दर्शाती है, बल्कि ग्रामीण पृष्ठभूमि से आने वाली छात्राओं के आत्मविश्वास और झारखंड में मजबूत होते खेल माहौल का भी प्रेरक उदाहरण है।
4 से 9 फरवरी 2026 तक चला राष्ट्रीय मुकाबला
स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, झारखंड सरकार के अंतर्गत झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद, रांची के नेतृत्व में राज्य की टीम ने इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लिया। 4 से 9 फरवरी 2026 तक चले इस आयोजन में झारखंड की मुक्केबाजों ने उल्लेखनीय प्रदर्शन किया।
पदक विजेता झारखंड की बेटियाँ
45 किग्रा भार वर्ग में जेसिका खेस ने फाइनल में महाराष्ट्र से हार के बाद रजत पदक जीता।
54 किग्रा भार वर्ग में अमीषा केरकेट्टा ने दिल्ली की खिलाड़ी से फाइनल मुकाबला खेलते हुए रजत पदक अपने नाम किया।
57 किग्रा भार वर्ग में नीता रोज तिग्गा ने सेमीफाइनल में हरियाणा से पराजित होकर कांस्य पदक हासिल किया।
अधिकारियों और कोचिंग स्टाफ ने जताई खुशी
राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि झारखंड की बेटियाँ हर खेल मंच पर नई ऊँचाइयाँ छू रही हैं और भविष्य में राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राज्य का नाम रोशन करेंगी।
झारखंड बॉक्सिंग टीम ने कोच अनुपम तिवारी, परवीन यादव, बीबी मोहंती तथा टीम मैनेजर अनु कुमारी के कुशल मार्गदर्शन में प्रतियोगिता में भाग लिया, जिनका योगदान सराहनीय रहा।
राज्य नेतृत्व ने दी बधाई
इस गौरवपूर्ण सफलता पर राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, शिक्षा सचिव उमाशंकर सिंह, परियोजना निदेशक शशि रंजन, प्रशासी पदाधिकारी सच्चिदानंद द्विवेदी तिग्गा, राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन ए. सोरेंग एवं राज्य खेल कोषांग के सदस्यों ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।