मोतिहारी, 2 फरवरी। पूर्वी चंपारण जिला क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आयोजित सत्यदेव प्रसाद चौधरी स्मृति सीनियर डिवीजन जिला क्रिकेट लीग (ग्रुप ए) के अंतर्गत स्थानीय स्पोर्ट्स क्लब मैदान पर खेले गए मुकाबले में स्टार ऑफ़ स्पोर्ट्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ग्रीन फील्ड एकेडमी अरेराज को 161 रनों से करारी शिकस्त दी।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करते हुए स्टार ऑफ़ स्पोर्ट्स की टीम ने निर्धारित ओवरों में 269 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से प्रिंस ने बेहतरीन 67 रन, अबरार ने 66 रन और अक्षय ने 45 रनों का अहम योगदान दिया। ग्रीन फील्ड एकेडमी अरेराज की ओर से अभय और इरफ़ान ने दो-दो विकेट हासिल किए।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी अरेराज की टीम स्टार ऑफ़ स्पोर्ट्स के घातक गेंदबाज़ी आक्रमण के सामने टिक नहीं सकी और 108 रनों पर ऑलआउट हो गई। स्टार ऑफ़ स्पोर्ट्स की ओर से प्रिंस सिंह और शाहिल ने तीन-तीन विकेट लेकर जीत की नींव रखी।
इस शानदार जीत के साथ स्टार ऑफ़ स्पोर्ट्स ने मुकाबला 161 रनों से अपने नाम किया। मैन ऑफ़ द मैच का पुरस्कार बरीए खिलाड़ी धरणीधर सिंह द्वारा प्रिंस सिंह को प्रदान किया गया। मैच में अंपायर की भूमिका कुमार राज और तैयब हुसैन ने निभाई।

मैन ऑफ़ द मैच के प्रायोजक के रूप में एम एस स्पोर्ट्स अरेराज और क्लासिक स्पोर्ट्स मोतिहारी रहे।
इस अवसर पर प्रभाकर जायसवाल, बसंत कुमार, अमित कुमार सेन, विजय कुमार, रितेश श्रीवास्तव, रवि कुमार चुटुन, अय्याज अहमद, रवि राज, संत कुमार, सुबोध कुमार, विश्वनाथ प्रसाद और फ़ैसल गनी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे। इस संबंध में जानकारी मधुरेंद्र सिंह (जिला लीग प्रभारी) ने मीडिया को दी।