नई दिल्ली, 23 जून। बिहार के समस्तीपुर के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी का टीम इंडिया तक का सफर एक नए मुकाम पर पहुंच गया है। 15 वर्षीय सूर्यवंशी आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए भारतीय टी20 टीम के साथ मंगलवार को रवाना हो गए। इस दौरान उन्हें भारतीय टीम की जर्सी सौंपी गई, जिसे देखकर वह भावुक हो उठे।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने वैभव के लिए नंबर 3 की जर्सी होटल में भिजवाई। भारतीय टीम के थ्रोडाउन स्पेशलिस्ट रघु ने उन्हें यह जर्सी सौंपी। जर्सी लेने से पहले वैभव ने रघु के पैर छूकर आशीर्वाद लिया। इस पूरे भावुक पल का वीडियो बीसीसीआई ने सोशल मीडिया पर साझा किया है।
‘जिस दिन बल्ला उठाया था, उसी सपने के लिए मेहनत की’
जर्सी मिलने के बाद वैभव सूर्यवंशी ने कहा, “मैं इसे शब्दों में बयां नहीं कर सकता। जिस दिन पहली बार बल्ला हाथ में लेकर मैदान पर उतरा था, उसी दिन से यह सपना देखा था। आज वह सपना पूरा हो गया है। यह मेरे क्रिकेट सफर का अब तक का सबसे बड़ा कदम है।”
उन्होंने कहा, “जैसे ही मैंने टीम इंडिया की टी-शर्ट देखी, मेरी मुस्कान रुक नहीं रही थी। यह एहसास मेरे लिए किसी सपने के सच होने जैसा है।”
पहली बार भारतीय सीनियर टीम में मिला मौका
वैभव सूर्यवंशी को पहली बार भारतीय सीनियर टीम में शामिल किया गया है। वह आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए चुनी गई भारतीय टी20 टीम का हिस्सा हैं। आयरलैंड दौरा 26 जून से शुरू होगा, जबकि इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज 1 जुलाई से खेली जाएगी।
सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं वैभव
यदि वैभव सूर्यवंशी आयरलैंड या इंग्लैंड के खिलाफ मैदान पर उतरते हैं तो वह भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन जाएंगे। फिलहाल यह रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम है, जिन्होंने 16 वर्ष 205 दिन की उम्र में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया था।
आईपीएल में शानदार प्रदर्शन का मिला इनाम
राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलने वाले वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने 16 मैचों में 776 रन बनाकर ऑरेंज कैप अपने नाम की थी। इस दौरान उनके बल्ले से एक शतक और पांच अर्धशतक निकले थे।
इससे पहले भी उन्होंने इतिहास रचते हुए गुजरात टाइटंस के खिलाफ महज 38 गेंदों में 101 रन की पारी खेली थी। वह टी20 क्रिकेट में शतक लगाने वाले सबसे युवा बल्लेबाज बने थे।
अब पूरे देश की निगाहें इस युवा बल्लेबाज पर होंगी, जो आयरलैंड या इंग्लैंड के खिलाफ डेब्यू कर भारतीय क्रिकेट इतिहास में एक और नया अध्याय जोड़ सकता है।