Wednesday, June 17, 2026
Home Latest निशानेबाज ऐश्वर्य तोमर ने दिलाया भारत को 13वां ओलंपिक कोटा

निशानेबाज ऐश्वर्य तोमर ने दिलाया भारत को 13वां ओलंपिक कोटा

by Khel Dhaba
0 comment

दोहा। किशोर निशानेबाज ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर ने रविवार को यहां 14वीं एशियाई चैंपियनशिप में पुरुषों की 50 मीटर थ्री पोजीशन में कांस्य पदक जीतकर भारत को निशानेबाजी में रिकार्ड 13वां ओलंपिक कोटा दिलाया। तोमर ने आठ पुरुषों के फाइनल में 449.1 अंक बनाकर तीसरा स्थान हासिल किया। कोरिया के किम जोंगयुन (459.9) ने स्वर्ण ओर चीन के झोंगहाओ झाओ (459.1) ने रजत पदक जीता।

इस 18 वर्षीय भारतीय निशानेबाज ने 120 शॉट के क्वालीफाईंग में 1168 अंक बनाकर फाइनल्स में जगह सुरक्षित की थी। इस स्पर्धा में तीन कोटा स्थान दांव पर लगे थे। लंदन ओलंपिक 2012 में भारत के 11 निशानेबाजों ने हिस्सा लिया था जबकि रियो ओलंपिक 2016 में 12 भारतीय निशानेबाज उतरे थे।

मध्यप्रदेश के खरगौन के रहने वाले किशोर तोमर ने जर्मनी के सुहल में आईएसएसएफ जूनियर विश्व कप में राइफल थ्री पोजीशन में जूनियर वर्ग में विश्व रिकार्ड बनाया था। तोमर थ्री पोजीशन में संजीव राजपूत के बाद कोटा हासिल करने वाले दूसरे भारतीय निशानेबाज हैं।

किसान परिवार से संबंध रखने वाले तोमर पहली बार सीनियर स्तर पर खेल रहे थे। उन्होंने जूनियर स्तर की अपनी फार्म बरकरार रखी। उन्होंने जूनियर स्तर पर एशिया में जीत हासिल की ओर फिर घरेलू प्रतियोगिताओं में संजीव राजपूत जैसे निशानेबाजों को हराकर सीनियर टीम में जगह बनाने का दावा पेश किया।

चीन के विश्व में नंबर तीन झाओ और कोरिया के नंबर नौ जोंगुयन के अलावा कजाखस्तान के अनुभवी निशानेबाज यूरी युरकोव और ईरान के महयार सेदाघाट भी इस स्पर्धा में भाग ले रहे थे।

फाइनल्स में चीन के दो खिलाड़ी पहुंचे थे लेकिन वे कोटा के लिये दावा पेश नहीं कर पाये। चीन पहले ही इस स्पर्धा में अधिकतम दो कोटा स्थान हासिल कर चुका है। कोरिया के जोंगयुन भी इससे पहले म्यूनिख विश्व कप में कोटा ले चुके थे। ऐसे में तोक्यो ओलंपिक के तीन स्थानों के लिये तोमर, ईरान, कजाखस्तान, मंगोलिया और थाईलैंड के निशानेबाजों के बीच मुकाबला था।

You may also like

Leave a Comment

खेलढाबा.कॉम

खेलढाबा.कॉम, खेल पत्रकार की सोच और बहुत सारे खेल प्रेमियों के सुझाव व साथ का परिणाम है। बड़े निवेश की खेल वेबसाइट्स की भीड़ में खेलढाबा.कॉम के अलग होने की यह भी एक बड़ी वजह है। तो, जिले-कस्बों से बड़े आयोजनों तक की कवरेज के लिए जुड़े रहें खेलढाबा.कॉम से।

Newsletter

Laest News

@2025 – All Right Reserved.