Wednesday, May 20, 2026
Home Slider जानिए घरेलू क्रिकेट, 2021 टी20 WC & 2023 WC पर क्या बोले बीसीसीआई अध्यक्ष सौरभ गांगुली

जानिए घरेलू क्रिकेट, 2021 टी20 WC & 2023 WC पर क्या बोले बीसीसीआई अध्यक्ष सौरभ गांगुली

by Khel Dhaba
0 comment

नईदिल्ली। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के अध्यक्ष सौरभ गांगुली ने सभी राज्य संघों को आश्वस्त किया कि घरेलू क्रिकेट तभी शुरू होगा, जब कोविड-19 महामारी के बीच हालात सुरक्षित होंगे लेकिन उन्होंने सीजन शुरू होने की तारीख नहीं बताई। सामान्य हालात में घरेलू सीजन अगस्त में शुरू होता है, लेकिन महामारी के कारण कैलेंडर गड़बड़ा गया है और गांगुली के गुरुवार को राज्य संघों को भेजे गए पत्र में साफ हो गया कि बोर्ड ने अभी तारीख तय नहीं की है।

घरेलू सीजन के अब सैयद मुश्ताक अली टी20 टूर्नामेंट से शुरू होने की उम्मीद है, जो नवंबर के तीसरे हफ्ते से शुरू हो सकता है। गांगुली ने मान्यता प्राप्त सदस्य संघों के अध्यक्ष और सचिवों को पत्र में लिखा, ‘बीसीसीआई यह सुनिश्चित करने की पूरी कोशिश कर रहा है कि जैसे ही हालात ठीक हों, घरेलू क्रिकेट बहाल हो जाए। खिलाड़ियों के अलावा घरेलू क्रिकेट में शामिल होने वाले अन्य लोगों का स्वास्थ्य और सुरक्षा बीसीसीआई के लिए सबसे अहम है और हम सभी पहलुओं पर लगातार नजर रखे हैं।’

उन्होंने कहा, ‘सभी सदस्यों को भविष्य में अगले कदमों के बारे में सूचित किया जाएगा और घरेलू क्रिकेट बहाल करने से पहले सुझाव लिए जाएंगे।’

गांगुली ने कहा कि बीसीसीआई को उम्मीद है कि कोविड-19 हालात अगले कुछ महीनों में सुधर जाएंगे और घरेलू क्रिकेट सुरक्षित माहौल में शुरू हो पाएगा। बीसीसीआई प्रमुख ने सदस्यों को भारत की भविष्य दौरा कार्यक्रम (एफटीपी) की प्रतिबद्धताओं के बारे में भी जानकारी दी जिसमें इस साल के अंत में ऑस्ट्रेलिया का दौरा और 2021 के शुरू में इंग्लैंड की मेजबानी शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि भारत अगले साल टी20 वर्ल्ड कप और 2023 में वनडे वर्ल्ड कप की मेजबानी को तैयार है। गांगुली ने कहा, ‘बीसीसीआई और भारतीय क्रिकेट टीम अपनी एफटीपी की प्रतिबद्धताओं को पूरा करना जारी रखेगी। सीनियर भारतीय मेंस टीम इस साल दिसंबर में होने वाली सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलिया जाएगी और हम अगले साल फरवरी के शुरू में इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज के लिए देश में लौटेंगे।’ उन्होंने कहा, ‘इसके बाद अप्रैल में इंडियन प्रीमियर लीग 2021 होगी।’ उन्होंने कहा, ‘बीसीसीआई आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2021 और 2023 में 50 ओवर आईसीसी क्रिकेट वर्ल्ड कप की मेजबानी करेगा।’ पूर्व भारतीय कप्तान ने यह भी कहा कि भारतीय महिला टीम के दौरे पर चर्चा चल रही हैं लेकिन इसके बारे में और कुछ नहीं बताया।

You may also like

Leave a Comment

खेलढाबा.कॉम

खेलढाबा.कॉम, खेल पत्रकार की सोच और बहुत सारे खेल प्रेमियों के सुझाव व साथ का परिणाम है। बड़े निवेश की खेल वेबसाइट्स की भीड़ में खेलढाबा.कॉम के अलग होने की यह भी एक बड़ी वजह है। तो, जिले-कस्बों से बड़े आयोजनों तक की कवरेज के लिए जुड़े रहें खेलढाबा.कॉम से।

Newsletter

Laest News

@2025 – All Right Reserved.

Verified by MonsterInsights