पटना, 15 जुलाई। कोलकाता में चल रही 2nd हॉकी इंडिया ईस्ट जोन जूनियर महिला और पुरुष हॉकी चैंपियनशिप के अंतर्गत सोमवार को खेले गए मैचों में बिहार को मिश्रित सफलता मिली। महिला वर्ग में बिहार हारा जबकि पुरुष वर्ग में जीत मिली। महिला वर्ग में बिहार को असम ने 4-0 से पराजित किया जबकि पुरुष वर्ग में बिहार ने मणिपुर को 4-3 से हराया।
पुरुष वर्ग में मणिपुर और बिहार के बीच जोरदार मुकाबला हुआ। मैच के शुरू होते ही बढ़त लेने के लिए कश्मकश शुरू हो गई। खेल के 14वें मिनट में मणिपुर के रिकी तोनजम ने पेनाल्टी कार्नर के जरिए गोल कर 1-0 की बढ़त ले ली। पांच मिनट बाद बिहार के अतीत कुमार ने गोल कर मैच को बराबरी पर ला दिया। इसके बाद 27वें मिनट में मणिपुर के के सोमकांत सिंह ने फील्ड गोल कर फिर मणिपुर को 2-1 से बढ़त दिला दी। 39 मिनट में बिहार के आकाश यादव ने गोल कर मैच को बराबरी पर ला दिया। 49वें मिनट में अतीत कुमार ने अपना दूसरा और बिहार के लिए तीसरा गोल दागा और बिहार ने 3-2 की बढ़त ले ली। चार मिनट बाद 53वें मिनट में मणिपुर के एस लिशम ने गोल कर फिर मैच को 3-3 की बराबरी पर ला दिया। अंतिम क्वार्टर के खत्म होने के तीन मिनट पहले यानी 57वें मिनट में बिहार के अमरेंद्र कुमार सिंह ने गोल कर बिहार को 4-3 की बढ़त दिलाई जो अंत तक कायम रहा। पुरुष वर्ग में बिहार का अगला मुकाबला 17 जुलाई को झारखंड से होगा। इसके बाद 18 जुलाई को असम से और 20 जुलाई को ओड़िशा से भिड़ेगा बिहार।
इसे भी पढ़ें : East Zone Junior Hockey के महिला वर्ग में बंगाल से हारा बिहार
महिला वर्ग में असम ने बिहार को 4-0 से हराया। पहला क्वार्टर बिना गोल का समाप्त हुआ। दूसरे क्वार्टर में असम ने तीन गोल दागे। खेल के 17वें मिनट में असम की अस्मिता टिग्गा, 23वें मिनट में सुमित्रा स्वरगैरी, 29वें मिनट ममें रितू बावरी ने गोल किया। 60वें मिनट में रेशमा जगत ने गोल कर असम को 4-0 की जीत दिला दी। बिहार का अगला मुकाबला 17 जुलाई को ओड़िशा से, 18 जुलाई को झारखंड और 20 जुलाई को मणिपुर से होगा।