30 C
Patna
Friday, October 18, 2024

FIH Men’s Hockey World Cup में इंग्लैंड ने वेल्स को हराया

राउरकेला। इंग्लैंड ने एफआईएच पुरुष हॉकी विश्व कप 2023 के पूल डी मुकाबले में शुक्रवार को चिर-प्रतिद्वंदी वेल्स को 5-0 से रौंदकर अपने अभियान की दमदार शुरुआत की।

बिरसा मुंडा अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम पर खेले गये मुकाबले में लायम एंसेल (28वां मिनट, 37वां मिनट) ने इंग्लैंड के लिए दो गोल किये, जबकि निक पार्क (पहला मिनट), फ़िल रोपर (42वां मिनट) और निकोलस बैंडरैक (58वां मिनट) ने एक-एक गोल दागा।

दुनिया के सबसे बड़े हॉकी स्टेडियम पर खेले गये पहले मुकाबले में इंग्लैंड ने आक्रामक रुख अपनाते हुए 13 पेनाल्टी कॉर्नर अर्जित किये। इंग्लैंड ने इनमें से दो को गोल में तब्दील किया, जबकि वेल्स अपने चार पेनाल्टी कॉर्नरों में से एक पर भी गोल नहीं कर सका।

पार्क ने मुकाबला शुरू होने के 20वें सेकेंड में ही गोल दागकर इंग्लैंड को शुरुआती बढ़त दिलाई। एक गोल से आगे होने के बाद भी इंग्लैंड ने आक्रमण नहीं रोका और पहला क्वार्टर समाप्त होने से पहले एक और पेनाल्टी अर्जित की, हालांकि वेल्स रक्षण ने उसे बढ़त दोगुनी नहीं करने दी।

दूसरा क्वार्टर समाप्त होने से पहले इंग्लैंड को कुल चार पेनाल्टी कॉर्नर मिले। वेल्स ने इनमें से तीन को मजबूती से रोका लेकिन एंसेल ने एक पेनाल्टी पर स्कोर करके स्कोर 2-0 कर दिया।

वेल्स ने दो गोल के अंतर से पिछड़ने के बाद तीसरे क्वार्टर में आक्रामक रुख अपनाया। उन्होंने 36वें मिनट में गोल की कोशिश की लेकिन गेंद गोलकीपर को परेशान किये बिना नेट के बराबर से गुजर गयी। एंसेल और रोपर ने अगले पांच मिनटों में दो गोल करके वेल्स की चिंताओं को बढ़ा दिया।

वेल्स ने चौथे क्वार्टर के शुरुआती तीन मिनटों दो पेनाल्टी कॉर्नर सहित तीन बार गोल पर निशाना साधा लेकिन इंग्लैंड के गोलकीपर ओली पेन के पास सभी सवालों के जवाब थे। बैंडरैक ने आखिरकार मैच खत्म होने से दो मिनट पूर्व इंग्लैंड का पांचवां गोल करके अपनी टीम की बड़ी जीत सुनिश्चित की।

इंग्लैंड इस जीत के साथ पूल डी में पहले पायदान पर आ गया है। ग्रुप डी का दूसरा मुकाबला भारत और स्पेन के बीच आज शाम सात बजे से खेला जायेगा।

Related Articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisement -spot_img

Latest Articles

Verified by MonsterInsights