Tuesday, May 26, 2026
Home COMMONWEALTH GAMES कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 एथलेटिक्स : हाई जंपर तेजस्विन ने भारत को दिलाया पहला पदक, जीता कांस्य

कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 एथलेटिक्स : हाई जंपर तेजस्विन ने भारत को दिलाया पहला पदक, जीता कांस्य

by Khel Dhaba
0 comment

भारत के हाई जंपर तेजस्विन शंकर ने रिकॉर्ड बुक में अपना नाम दर्ज करवा लिया है। उन्होंने बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में ट्रैक एंड फील्ड इवेंट में भारत के लिए पहला पदक जीता है। पुरुषों के हाई जंप में तेजस्विन ने 2.22 मीटर के जंप के साथ कांस्य पदक अपने नाम किया। तेजस्विन शंकर तीन दिन पहले ही बर्मिंघम पहुंचे थे।

एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया ने शुरुआत में यूएसए में प्रैक्टिस कर रहे तेजस्विन शंकर को भारतीय टीम से बाहर कर दिया था, क्योंकि उन्होंने भारत की राष्ट्रीय अंतरराज्यीय मीट में भाग नहीं लिया था। इसके बाद उन्होंने इस फैसले को लेकर दिल्ली हाईकोर्ट में चुनौती दी थी।

हालांकि, आखिर में तेजस्विन शंकर को राष्ट्रमंडल खेल 2022 के लिए भारतीय स्क्वॉड में घायल रिले धावक अरोकिया राजीव के रिप्लेसमेंट के तौर पर शामिल किया गया था। अब तेजस्विन ने एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया को दिखा दिया है कि उन पर भरोसा करना व्यर्थ नहीं गया।

तेजस्विन 2018 राष्ट्रमंडल खेलों में छठे स्थान पर रहे थे। हालांकि, बीते चार वर्षों में उन्होंने अपने प्रदर्शन में काफी सुधार किया है। तेजस्विन ने इस पदक को जीतने के लिए अपनी जी जान लगा दी। आखिर में तेजस्विन ने स्वर्ण पर भी निशाना साधना चाहा। उन्होंने 2.28 मीटर जंप लगाने की कोशिश की और न्यूजीलैंड के हामिश केर को पीछे छोड़ना चाहा, लेकिन विफल रहे।

तेजस्विन के नाम हाई जंप में राष्ट्रीय रिकॉर्ड भी है। बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में मेन्स हाई जंप में न्यूजीलैंड के हामिश केर ने 2.25 मीटर के जंप के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं, ऑस्ट्रेलिया के ब्रैंडन स्टार्क ने रजत पदक जीता। ब्रैंडन स्टार्क ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर मिचेल स्टार्क के भाई हैं।

You may also like

Leave a Comment

खेलढाबा.कॉम

खेलढाबा.कॉम, खेल पत्रकार की सोच और बहुत सारे खेल प्रेमियों के सुझाव व साथ का परिणाम है। बड़े निवेश की खेल वेबसाइट्स की भीड़ में खेलढाबा.कॉम के अलग होने की यह भी एक बड़ी वजह है। तो, जिले-कस्बों से बड़े आयोजनों तक की कवरेज के लिए जुड़े रहें खेलढाबा.कॉम से।

Newsletter

Laest News

@2025 – All Right Reserved.

Verified by MonsterInsights