सासाराम। 10वीं बिहार राज्य सीनियर महिला हैंडबॉल प्रतियोगिता के विजेता ट्रॉफी पर सीवान ने कब्जा जमा लिया। उपविजेता आर एल बी एकेडमी मैरवा की टीम रही। पटना और बेगुसराय जिला को तीसरे स्थान की ट्रॉफी के साथ संतोष करना पड़ा। पहली बार उतरी आर एल बी एकेडमी के छोटी बच्चियों ने सीनियर टीम को धूल चटाया। सासाराम के गोपाल नारायण सिंह विश्व विद्यालय खेल परिसर में बिहार हैंडबॉल संघ एवम जिला हैंडबॉल संघ रोहतास द्वारा आयोजित दो दिवसीय प्रतियोगिता का समापन पारितोषिक वितरण के साथ हुआ। मुख्य अतिथि सांसद गोपाल नारायण सिंह के साथ विश्वविद्यालय के सचिव श्रीमती मनीता सिंह ने टीम को ट्रॉफी, मेडल एवं प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया।
अतिथियों ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल में जीत हार से अधिक महत्व खेल भावना का होता है। प्रतियोगिता में शामिल 21 टीम के ढाई सौ बच्चियों ने विश्व महिला दिवस के पूर्व संध्या अपने खेल कौशल के साथ खेल भावना का बेहतर प्रदर्शन करते हुए आधी आबादी को सौहार्द का संदेश दिया।
भविष्य में फिर से बेहतर हैंडबॉल प्रतियोगिता के आयोजन का इंतजार विश्वविद्यालय प्रशासन करेगा। उन्होंने आयोजन से जुड़े सभी लोगो एवम हैंडबॉल संघ के पदाधिकारी, खिलाड़ियों को बधाई दी।
मौके पर बिहार हैंडबॉल संघ के महासचिव ब्रजकिशोर शर्मा ने सभी जिला से खिलाड़ियों, टीम मैनेजर एवं जिला सचिव को रिकार्ड भागीदारी के लिए धन्यवाद देते हुए खेल भावना से प्रतियोगिता की सफलता की बात कही। पारितोषिक वितरण सह समापन समारोह का संचालन रोहतास हैंडबॉल के सचिव विनय कृष्ण ने किया।
आगत अतिथियों का स्वागत बुके जिला हैंडबॉल संघ के अध्यक्ष नरेन्द कुमार राय के साथ संयुक्त सचिव अरविंद कुमार सिंह ,मिथिलेश कुमार और रानू कुमार सिंह ने दिया। मौके पर बिहार हैंडबॉल संघ के संजय कुमार सिंह , संजय पाठक , आलोक कुमार , राष्ट्रीय रेफरी चंदन कुमार सहित अन्य थे।