पटना। बिहार क्रिकेट एसोसिएशन ने अपनी पहली क्रिकेट लीग में अपने ही क्रिकेट लीजेंड को बुलाना भूल गया। इस लेकर पूर्व दिग्गज क्रिकेटरों, पूर्व अधिकारियों समेत बिहार क्रिकेट के विकास में अबतक अपनी सेवा देने वालों को निमंत्रण न मिलने का मलाल जरूर है पर उन्हें एसोसिएशन से शिकायत नहीं है।

बिहार के सभी क्रिकेट दिग्गजों का यही कहना है कि जिस तरीके से जिला के पदाधिकारियों को इस लीग के लिए आमंत्रित किया गया। उनके बैठने की अलग व्यवस्था की गई। ठीक उसी तरह से बिहार क्रिकेट एसोसिएशन के पदाधिकारियों को चाहिए था कि यहां के पुराने क्रिकेट दिग्गज समेत वर्तमान के क्रिकेट दिग्गजों को बुला कर सम्मान देते। हम सभी भी इस ऐतिहासिक पल के गवाह बनते। चलिए नहीं बुलाया उनकी मर्जी। वे बिहार क्रिकेट के वर्तमान कर्ताधर्ता हैं उनकी जैसी सोच।


सबों का कहना है कि हम सभी बिहार क्रिकेट एसोसिएशन के इस आयोजन को पूरी तरह सपोर्ट करते हैं। संघ के प्रशासकों ने एक नई शुरुआत की है। यहां के क्रिकेटरों को बेहतर प्लेटफॉर्म मिला है और इससे नई प्रतिभाएं उभर कर सामने आयेंगी। इन सबों ने कहा कि हमारी सोच सकारात्मक है और बिहार का क्रिकेट आगे बढ़ता रहे हमारे आने या न आने से कोई फर्क नहीं पड़ता है।