नई दिल्ली, 23 जून। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की ट्रांसफर विंडो खुलने से पहले भारतीय ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है। रिपोर्टों के अनुसार कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) और राजस्थान रॉयल्स ने मुंबई इंडियंस से पांड्या को अपने साथ जोड़ने में रुचि दिखाई है।
आईपीएल से जुड़े सूत्रों के मुताबिक केकेआर प्रबंधन और मुंबई इंडियंस के मालिकों के बीच संभावित ट्रेड को लेकर कई दौर की बातचीत हो चुकी है। बताया जा रहा है कि पिछले सीजन के समापन के बाद भी दोनों फ्रेंचाइजी के बीच इस विषय पर चर्चा हुई थी लेकिन उस समय मुंबई इंडियंस के मालिकों की अन्य प्राथमिकताओं के कारण मामला आगे नहीं बढ़ सका।
मुंबई में कप्तानी का सफर रहा चुनौतीपूर्ण
मुंबई इंडियंस में वापसी के बाद हार्दिक पंड्या का कार्यकाल उतार-चढ़ाव भरा रहा है। उनकी कप्तानी में टीम केवल एक बार प्लेऑफ तक पहुंच सकी। ऐसे में फ्रेंचाइजी के भीतर बदलाव की संभावनाओं को लेकर अटकलें लगाई जा रही हैं।
सूत्रों का मानना है कि यदि पंड्या केकेआर से जुड़ते हैं तो उन्हें टीम की कप्तानी भी सौंपी जा सकती है। केकेआर के मौजूदा नेतृत्व विकल्पों को देखते हुए फ्रेंचाइजी एक अनुभवी कप्तान की तलाश में है और पंड्या इस भूमिका के लिए मजबूत दावेदार माने जा रहे हैं।
राजस्थान रॉयल्स ने भी दिखाई दिलचस्पी
इस बीच राजस्थान रॉयल्स की ओर से भी कथित तौर पर एक प्रस्ताव सामने आया है जिसमें युवा सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल और हार्दिक पंड्या के बीच संभावित खिलाड़ी अदला-बदली की चर्चा है। हालांकि इस बातचीत के आगे बढ़ने की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
ट्रेड के लिए खिलाड़ी की सहमति जरूरी
आईपीएल नियमों के अनुसार किसी खिलाड़ी के ट्रांसफर को लेकर बातचीत केवल फ्रेंचाइजी के बीच हो सकती है और खिलाड़ी की सहमति अनिवार्य होती है। यदि खिलाड़ी सहमत नहीं होता है तो उसे रिलीज कर नीलामी में शामिल करना पड़ता है।
केकेआर बन सकता है बेहतर विकल्प
राजस्थान रॉयल्स भविष्य में रियान पराग को कप्तान के रूप में विकसित करने की योजना पर काम कर रही है। ऐसे में वहां पंड्या को नेतृत्व की भूमिका मिलने की संभावना कम दिखाई देती है। इस कारण क्रिकेट विशेषज्ञों की नजर में यदि पंड्या मुंबई इंडियंस छोड़ते हैं तो केकेआर उनके लिए अधिक उपयुक्त विकल्प साबित हो सकता है।
हालांकि, फिलहाल किसी भी फ्रेंचाइजी या खिलाड़ी की ओर से इस संबंध में आधिकारिक बयान नहीं आया है और ट्रांसफर को लेकर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं है।