पटना, 19 जून। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर मुकेश कुमार और आकाश दीप पुलिस उपाअधीक्षक (डीएसपी) बन गए हैं। बिहार सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग ने सरकार की उत्कृष्ट खिलाड़ियों की सीधी नियुक्ति (संशोधन) नियमावली, 2026 के तहत बिहार के रहने वाले भारतीय क्रिकेटर मुकेश कुमार और आकाश दीप को पुलिस उपाधीक्षक (DSP) पद पर नियुक्ति की अनुशंसा की है। इस संबंध में गृह विभाग को पत्र भेजा गया है।
सरकार की ओर से जारी पत्र के अनुसार गोपालगंज निवासी तेज गेंदबाज मुकेश कुमार को 2022 (2023) एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय क्रिकेट टीम का सदस्य होने के आधार पर चयनित किया गया है। वहीं रोहतास के आकाश दीप को वर्ष 2025 में इंग्लैंड में आयोजित भारत-इंग्लैंड टेस्ट श्रृंखला में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करने तथा एशियाई खेलों की स्वर्ण पदक विजेता टीम का सदस्य रहने के आधार पर नियुक्ति के लिए अनुशंसित किया गया है।
दोनों खिलाड़ियों को वेतन स्तर-9 के तहत पुलिस उपाधीक्षक (DSP) पद पर नियुक्त करने की अनुशंसा की गई है। उनकी नियुक्ति गृह विभाग, बिहार सरकार में की जाएगी।
पत्र में कहा गया है कि नियुक्ति चरित्र सत्यापन, शैक्षणिक प्रमाणपत्रों और खेल उपलब्धियों के सत्यापन के बाद प्रभावी होगी। साथ ही खेल कोटा के तहत नियुक्त खिलाड़ियों को नियुक्ति की तिथि से अगले पांच वर्षों तक सक्रिय खिलाड़ी के रूप में प्रतियोगिताओं में भाग लेना होगा तथा इसके लिए बांड भी देना होगा।
मुकेश कुमार के बारे में
मुकेश कुमार बिहार के गोपालगंज जिला के काकरकुंड गांव के रहने वाले हैं। मुकेश के पिता स्व. काशीनाथ सिंह कोलकाता में टैक्सी ड्राइवर थे। मुकेश के पिता की चाहत थी कि मुकेश क्रिकेटर बने। बिहार में क्रिकेट का माहौल नहीं था। मुकेश कोलकाता चले गए। उन्होंने मेहनत की और वर्ष 2015 में बंगाल की रणजी ट्रॉफी टीम में सेलेक्शन हो गया। अपनी कड़ी मेहनत की बदौलत वे बंगाल टीम के मुख्य तेज गेंदबाज बने। सफर आगे बढ़ता गया। वेस्टइंडीज टूर पर वर्ष 2023 में उनका टेस्ट डेब्यू हुआ। इस टूर पर वनडे और टी20 में भी डेब्यू हुआ। आईपीएल में वे दिल्ली कैपिटल्स की ओर से खेलते हैं।
उन्होंने अभी तक तीन टेस्ट मैच, 6 वनडे और 17 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेला है। टेस्ट में सात, वनडे में 5 और टी20 में 20 विकेट उनके खाते में है।
फर्स्ट क्लास क्रिकेट में उन्होंने 57 मैचों में 221, 42 लिस्ट ए मैचों में 54 और 90 टी20 मैचों में 90 विकेट चटकाये हैं। आईपीएल में उनके खाते में 42 विकेट है।
आकाश दीप के बारे में
बिहार के रोहतास जिला के रहने वाले आकाश दीप घरेलू क्रिकेट बंगाल की ओर से खेलते हैं। आकाश दीप का सफर काफी संघर्षपूर्ण रहा है। पिता की चाहत थी कि बेटा नौकरी करे पर उनका क्रिकेट में मन लगता था। वर्ष 2015 में पिता के निधन और उसके बाद बड़े भाई का असामयिक निधन से आकाश दीप का सफर कुछ दिन के लिए रुक गया। इसके बाद उन्होंने बिहार क्रिकेट का माहौल नहीं होने के कारण बंगाल का रुख किया। कड़ी मेहनत के बाद बंगाल रणजी टीम में वर्ष 2019 में डेब्यू हुआ। इस वर्ष लिस्ट ए और टी20 में भी।
आकाश दीप भारतीय टेस्ट टीम के सदस्य रह चुके हैं। वर्ष 2024 में रांची में इंग्लैंड के खिलाफ खेले गए मैच में उन्होंने डेब्यू किया था। इंग्लैंड दौरे पर आकाश दीप का शानदार प्रदर्शन रहा था। दस टेस्ट मैचों में उन्होंने कुल 28 विकेट चटकाये हैं।
49 फर्स्ट क्लास मैच में उनके खाते में 169, 48 लिस्ट ए मैचों में 48 और 53 टी20 मैचों में 59 विकेट चटकाये हैं।