पटना, 13 मई। बिहार के गया जिला के अतरी प्रखंड के नरवट गांव के रहने वाले साइक्लिस्ट प्रह्लाद कुमार ने इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता में आयोजित इंडोनेशिशया ट्रैक साइक्लिंग कप में 1 रजत पदक समेत तीन पदक अपने नाम किये। यह प्रतियोगिता इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता में 30 अप्रैल से 6 मई तक आयोजित की गई थी।
इससे पहले भी प्रहलाद कुमार ने अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में अपना जलवा बिखेरा है। मलेशिया में 2023 में आयोजित एशियन साइक्लिंग चैम्पियनशिप में भी भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए प्रह्लाद कुमार ने चौथा स्थान हासिल किया था।
रांची में आयोजित नेशनल साइक्लिंग चैम्पियनशिप के ट्रैक इवेंट में भी प्रहलाद कुमार ने सिल्वर मेडल जीता यह भी बिहार के साइक्लिस्ट ने पहली बार किया था। इससे पहले खेलो इंडिया साइक्लिंग यूथ गेम्स चेन्नई में भी प्रह्लाद कुमार ने सिल्वर मेडल जीता था। बिहार की ओर से खेलो इंडिया यूथ गेम्स में पदक जीतने वाले प्रह्लाद कुमार पहले साइक्लिस्ट थ। खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स में भी प्रहलाद कुमार ने 1 स्वर्ण और 1 रजत पदक अपने नाम किया। वर्तमान में प्रह्लाद कुमार पटियाला में ट्रेनिंग ले रहे हैं।
प्रह्लाद कुमार को बचपन से ही साइकिल चलाने का शौक था। दोस्त कहते थे कि तुम तो बेहतर साइकिल चला लेते हो। धीरे-धीरे वे आगे बढ़ते गए। दसवीं पास करने के बाद प्रह्लाद साइकिल सीखने के लिए पटना आ गए। साइकिलिंग का प्रशिक्षण लिया। इसके बाद दिल्ली जाकर विभिन्न कोच के गाइडेंस में ट्रेनिंग ली।
प्रहलाद ने बताया कि जब वह छोटा था तो घर की साइकिल लेकर निकल जाता था। इसके लिए उन्हें कई बार घरवालों से डांट सुनने पड़ी और मार भी पड़ी। प्रह्लाद की इस उपलब्धि में इनके फुफेरे भाई का भी अहम योगदान रहा है। वे भी साइक्लिंग किया करते थे। इसके बाद साइक्लिंग एसोसिएशन ऑफ बिहार और बिहार सरकार का भी उन्हें पूरा सहयोग मिला जिसकी बदौलत प्रह्लाद आज इस मुकाम पर पहुंचे हैं। इंटरनेशनल लेवल पर साइक्लिंग में पताका लहराने वाले प्रह्लाद कुमार पहले साइक्लिस्ट हैं।