पटना, 18 अप्रैल। बिहार सचिवालय ने बिहार कॉरपोरेट लीग सीजन-3 का खिताब अपने नाम कर लिया। स्थानीय राजवंशी नगर स्थित ऊर्जा स्टेडियम में खेले गए फाइनल में बिहार सचिवालय ने एफसीआई को 2 रन से हराया।
स्थानीय ऊर्जा स्टेडियम में खेले गए मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी सेक्रेटेरिएट की टीम 19.3 ओवर में 124 रन पर सिमट गई। टीम के लिए किरन यादव ने सर्वाधिक 25 रनों का योगदान दिया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी एफसीआई की टीम एक समय मजबूत स्थिति में दिख रही थी लेकिन सेक्रेटेरिएट के गेंदबाज मोहम्मद आरिफ अंसारी ने मैच का रुख ही पलट दिया। उन्होंने घातक गेंदबाजी करते हुए महज 3 ओवर में 11 रन देकर 5 विकेट झटके। उनकी शानदार गेंदबाजी के आगे एफसीआई की पूरी टीम 19.1 ओवर में 122 रन पर ढेर हो गई और सेक्रेटेरिएट ने रोमांचक मुकाबले में जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम कर लिया।
एफसीआई के कप्तान सजल सिन्हा ने जरूर शानदार पारी खेली। उन्होंने 40 गेंदों में 9 चौकों की मदद से 55 रन बनाए लेकिन वह टीम को जीत दिलाने में सफल नहीं हो सके।
मैच से पहले बिहार सरकार के मुख्य सचिव और मुख्य अतिथि प्रत्यय अमृत ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। मैच समाप्ति के बाद विजेता टीम को ट्रॉफी और एक लाख रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया गया।
आयोजन के दौरान लीग के आयोजक निशांत कुमार ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। इस मौके पर दिव्य प्रकाश, केतन और कुमार महर्षि समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। मैच में अंपायर की भूमिका रविंद्र मोहन और आलोक कुमार ने निभाई, जबकि ऑनलाइन स्कोरिंग अमन पुष्पराज और ऑफलाइन स्कोरिंग शिवम कुमार ने संभाली। कामेंट्ररी अजय अंबष्ठा ने की।
फाइनल मुकाबले में शानदार प्रदर्शन के लिए बिहार सेक्रेटेरिएट के मोहम्मद आरिफ अंसारी को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। वहीं, बेस्ट बैटर का खिताब किरन यादव, बेस्ट बॉलर का पुरस्कार विद्युत बोर्ड के सीएमडी मनोज कुमार सिंह जबकि प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का अवॉर्ड एफसीआई के सजल सिन्हा को मिला।
संक्षिप्त स्कोर
बिहार सेक्रेटेरिएट: 19.3 ओवर में 124/10, लक्ष्य झा 13, सुमित कुमार 16, कुमार गौरव 18, राहुल राज 13, मानव 11, अतिरिक्त 10, शांतनु 2/26, अभिषेक कुमार सिंह 2/32, अनिकेत 1/20, राजेश 1/17, आदित्य सिंह 3/6.
एफसीआई: 19.1 ओवर में 122/10, सजल सिन्हा 55, मनीष कुमार 25, अमन कुमार 14, प्रणय रंजन 13, अतिरिक्त 9, किरन यादव 2/22, मानव 1/12, अमनदीप 1/21, मोहम्मद आरिफ अंसारी 5/11.