पावापुरी (नालंदा), 18 अप्रैल। प्रीतम राज (80 रन, 3 विकेट) के हरफनमौला खेल की बदौलत गया जी ने रणधीर वर्मा बीसीए मेंस अंडर-19 वनडे ट्रॉफी के सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।
स्थानीय एसएससीसी ग्राउंड पर खेले गए दूसरे क्वार्टरफाइनल में गया जी ने सीतामढ़ी को 69 रन से हराया। इस मैच में टॉस गया जी ने जीता और पहले बैटिंग करते हुए निर्धारित 50 ओवर में नौ विकेट पर 281 रन बनाये। जवाब में सीतामढ़ी की टीम 43.4 ओवर में 212 रन पर ऑल आउट हो गई। प्रीतम राज को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।
गया जी की शुरुआत खराब रही। सलामी बैटर आयुष और राज सस्ते में आउट हो गए। इसके बाद अभिषेक राज और कप्तान प्रीतम राज ने पारी को संभाला और मजबूत साझेदारी की। बीच में बिपिन और फिर निचले क्रम में अमन, मयंक और अभिषेक ने अच्छी बैटिंग कर गया जी के स्कोर को 300 के करीब पहुंचा दिया। गया जी ने निर्धारित 50 ओवर में नौ विकेट पर 281 रन बनाये। प्रीतम राज ने 62 गेंदों में 2 चौका व 8 छक्का की मदद से 80, अभिषेक राज ने 65 गेंदों में 8 चौका की मदद से 50 रन बनाये। इसके अलावा आयुष कुमार ने 15, विपिन आर्या ने 40, अमन लाल ने 16, मयंक पांडेय ने नाबाद 21 और अभिषेक प्रसाद ने नाबाद 12 रन की पारी खेली। अतिरिक्त के सहारे 26 रन बने।
सीतामढ़ी की ओर से वैभव मिश्रा ने 2, अखिलेश कुमार ने 3, आयुष कुमार ने 2, प्रत्यूष दास ने 2 विकेट चटकाये।
282 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए सीतामढ़ी की टीम ने संघर्ष जरूर किया, लेकिन नियमित अंतराल पर विकेट गिरने से वह दबाव में आ गई। टीम की ओर से अखिलेश प्रसाद कुमार ने 63 रन और आलोक कुमार सिंह ने 58 रन बनाए, लेकिन अन्य बल्लेबाज बड़ा योगदान नहीं दे सके। पूरी टीम 43.4 ओवर में 212 रन पर सिमट गई। सीतामढ़ी की ओर से शिवानंद ने 13, अंकित ने 11, विशाल ने 10 रन की पारी खेली।
गया जी की जीत में गेंदबाजों की भी अहम भूमिका रही। प्रीतम राज और अमन लाल ने 3-3 विकेट चटकाए, जबकि आयुष कुमार ने 2 विकेट चटकाये।
संक्षिप्त स्कोर
गया : 50 ओवर में नौ विकेट पर 281 रन, प्रीतम राज 80, अभिषेक राज 50, बिपिन आर्या 40, मयंक पांडे नाबाद 21,आयुष कुमार 15, अमन लाल 16, मयंक नाबाद 21, अभिषेक प्रसाद नाबाद 12,
अखिलेश कुमार 3/55, आयुष कुमार 2/51, वैभव मिश्रा 2/40, प्रत्यूष दास 2/46
सीतामढ़ी : 212 (43.4 ओवर), अखिलेश कुमार 63, आलोक सिंह 58, शिवानंद 13, अक्षत गुप्ता 13, अंकित वर्मा 11, विशाल कुमार 10, अतिरिक्त 16, प्रीतम राज 3/37, अमन लाल 3/36, आयुष 2/40