पटना, 18 अप्रैल। बिहार क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वावधान में खेली जा रही बीसीए मेंस टी20 ट्रॉफी के मिथिला जोन के लीग मुकाबले में मुजफ्फरपुर ने सीतामढ़ी को रोमांचक मुकाबले में 3 विकेट से हरा शानदार जीत दर्ज की। विजेता टीम के चंद्रप्रकाश को प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया।
स्थानीय मोइनुल हक स्टेडियम में खेले गए मैच में टॉस मुजफ्फरपुर ने जीता और पहले क्षेत्ररक्षण करने का फैसला किया। सीतामढ़ी ने पहले बैटिंग करते हुए 20 ओवर में चार विकेट पर 169 रन बनाये। जवाब में अंतिम ओवर तक चले मैच में मुजफ्फरपुर ने 7 विकेट पर 173 रन बना कर मैच अपने नाम कर लिया।
सीतामढ़ी की बैटिंग
पहले बल्लेबाजी करते हुए सीतामढ़ी ने 20 ओवर में 4 विकेट पर 169 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से आदित्य कुमार राय ने नाबाद 75 रन की शानदार पारी खेली, जबकि प्रियांशु कुमार ने 57 रन बनाकर उनका बेहतरीन साथ दिया। सुराज यादव ने 23 रन का योगदान दिया।
गेंदबाजी में मुजफ्फरपुर के शुभम जितेंद्र मॉल ने 29 रन देकर 2, वासुदेव प्रसाद सिंह ने 24 रन देकर 1 और आदित्य कुमार ने 19 रन देकर 1 विकेट लिया।
मुजफ्फरपुर की पारी
लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुजफ्फरपुर की टीम ने संयम और आक्रामकता का अच्छा संतुलन दिखाया। चिरंजीवी कुमार ठाकुर ने 31 रन की उपयोगी पारी खेली, जबकि चंद्र प्रकाश ने 49 रन बनाकर पारी को संभाला। विशाल राज ने 18 रन जोड़े। मुकाबला आखिरी ओवरों में रोमांचक हो गया, लेकिन कुशदेव प्रसाद सिंह ने नाबाद 42 रन की बेहतरीन पारी खेलते हुए टीम को जीत की दहलीज तक पहुंचा दिया। वासुदेव प्रसाद सिंह ने 12 रन बनाकर उनका साथ निभाया और टीम ने 20 ओवर में सात विकेट पर 173 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
सीतामढ़ी के लिए रोहित उपाध्याय ने 26 रन देकर 2, प्रियांशु कुमार ने 35 रन देकर 1, राजेश झा ने 47 रन देकर 1 और मुकुल रंजन ने 27 रन देकर 1 विकेट चटकाए।
संक्षिप्त स्कोर
सीतामढ़ी : 169/4 (20 ओवर), आदित्य राय नाबाद 75, प्रियांशु कुमार नाबाद 57, सूरज यादव 23, अतिरिक्त 8, शुभम मल्ल 2/29, वासुदेव 1/24, आदित्य 1/19
मुजफ्फरपुर : 173/7 (20 ओवर), चिरंजीवी ठाकुर 31, चंद्र प्रकाश 49, विशाल राज 18, अतिरिक्त 11, कुशदेव सिंह नाबाद 42, वासुदेव सिंह 12, रोहित उपाध्याय 2/26, प्रियांशु 1/35, राजेश झा 1/47, मुकुल रंजन 1/27