पटना, 15 फरवरी। उमा इलेवन ने पटना जिला महिला क्रिकेट लीग सत्र 2024-25 का खिताब अपने नाम किया।
स्थानीय अभिषेक क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए फाइनल मुकाबले में उमा इलेवन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सीएमएस इलेवन को 7 विकेट से पराजित कर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
फाइनल मैच में टॉस जीतकर सीएमएस इलेवन ने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया, लेकिन उमा इलेवन की अनुशासित गेंदबाजी के सामने उनकी पारी कभी भी गति नहीं पकड़ सकी। टीम नियमित अंतराल पर विकेट खोती रही और 22.3 ओवर में मात्र 68 रन पर सिमट गई।

सीएमएस इलेवन की ओर से अंकिता यादव ने सबसे अधिक 25 रन बनाए, जबकि रिद्धि कुमारी ने 9 रन का योगदान दिया। टीम को अतिरिक्त के रूप में 11 रन मिले, जिसने कुल स्कोर को 68 तक पहुंचाया।
यह भी पढ़ें : हो जाइए तैयार, आ गया बीसीए सीनियर मेंस वनडे ट्रॉफी का शेड्यूल
उमा इलेवन की गेंदबाजी इस जीत की सबसे बड़ी वजह रही। आराध्या सिंह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 5 ओवर में 24 रन देकर 3 महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए। डॉली ने बेहद किफायती गेंदबाजी करते हुए 5 ओवर में केवल 7 रन देकर 2 विकेट झटके, जबकि कृतिका कनक ने भी सटीक लाइन-लेंथ से गेंदबाजी करते हुए 2 विकेट लेकर सीएमएस की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी।

69 रन के आसान लक्ष्य का पीछा करने उतरी उमा इलेवन की शुरुआत साधारण रही, लेकिन विकेटकीपर बल्लेबाज साक्षी राज ने संयम और समझदारी से खेलते हुए नाबाद 32 रन की मैच विजयी पारी खेली। ममता कुमारी ने उनका अच्छा साथ देते हुए 17 रन बनाए। टीम ने 13.2 ओवर में 3 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया और एकतरफा अंदाज में खिताब अपने नाम कर लिया।
सीएमएस इलेवन की ओर से रिषिका किंजल और चैताली संजीत को एक-एक विकेट मिला, लेकिन कम स्कोर के कारण गेंदबाजों पर दबाव अधिक रहा। मैच में अंपायर की भूमिका अमन कुमार और तनमय ने निभाई, जबकि मोनू कुमार स्कोरर रहे। सीएमएस इलेवन की कप्तानी सुहानी शर्मा और उमा इलेवन की कप्तानी तेज ने की।
खिलाड़ियों को बिहार क्रिकेट एसोसिएशन के जिला प्रतिनिधि राजेश कुमार, पटना क्रिकेट लीग संयोजक धनंजय कुमार और बिहार रणजी टीम के सहायक कोच कुमार मृदुल ने पुरस्कृत किया। सबों का स्वागत आशुतोष ज्योति सिंह ने किया।
टूर्नामेंट के सर्वश्रेष्ठ
प्लेयर ऑफ द फाइनल मैच : अराध्या सिंह
बेस्ट बैट्समैन : स्वीटी कुमारी (ज्योति सीसी)
बेस्ट बॉलर : साक्षी कुमारी (उमा इलेवन)
वेस्ट कीपर : ममता कुमारी (उमा इलेवन)
प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट : डॉली
उदीयमान प्लेयर : रीवा चौधरी
बेस्ट फील्डर : स्वर्णिमा चक्रवर्ती।
संक्षिप्त स्कोर
सीएमएस इलेवन : 68 ऑलआउट (22.3 ओवर)
अंकिता यादव 25, रिद्धि कुमारी 9, अतिरिक्त: 11, आराध्या सिंह 3/24, डॉली 2/7, कृतिका कनक 2/8, पूजा कुमारी 1/12, शिल्पा कुमारी 1/8, साक्षी कुमारी 1/9
उमा इलेवन-69/3 (13.2 ओवर), साक्षी राज नाबाद 32, ममता कुमारी 17, नंदनी पंडित 7
अतिरिक्त: 5, रिषिका किंजल 1/17, चैताली संजीत 1/6.
इन्हें भी पढ़ें
टी20 विश्व कप : बड़ी जीत की तलाश में अफगानिस्तान
टी20 विश्व कप : श्रीलंका के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया के लिए करो या मरो की स्थिति
वेस्टइंडीज मेंस टी20 विश्व कप 2026 के सुपर-8 में
टी20 विश्व कप : इंग्लैंड की नजर सुपर-8 पर