मुजफ्फरपुर, 15 फरवरी। स्थानीय खुदीराम बोस फुटबॉल मैदान में आयोजित रवि मेहता मेमोरियल सीनियर डिवीजन मुजफ्फरपुर जिला फुटबॉल लीग प्रतियोगिता के तहत आज दो मुकाबले खेले गए, जिनमें बैरिया स्पोर्टिंग क्लब और किंग कोबरा फुटबॉल क्लब ने शानदार जीत दर्ज की।
दिन का पहला मैच बैरिया स्पोर्टिंग क्लब और चक्कर स्पोर्टिंग क्लब के बीच खेला गया। मैच का शुभारंभ मुजफ्फरपुर फुटबॉल संघ के कार्यकारी सचिव सुनील कुमार सिंह ने सूर्यदेव कुमार, इरशाद मलिक तथा अन्य खेल प्रेमियों की उपस्थिति में खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। मुकाबला शुरू से ही एकतरफा रहा और बैरिया स्पोर्टिंग क्लब ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए पहले हाफ में ही 6 गोल दाग दिए। मध्यांतर के बाद भी टीम का दबदबा कायम रहा और उसने 6 और गोल कर कुल 12-0 से ऐतिहासिक जीत दर्ज की।

दूसरा मैच किंग कोबरा फुटबॉल क्लब और पुलिस बॉयज फुटबॉल क्लब के बीच खेला गया। मैच का उद्घाटन जिला फुटबॉल संघ के अध्यक्ष अश्वनी खत्री ने मोहम्मद सलाउद्दीन, राकेश पासवान तथा अन्य खेल प्रेमियों की उपस्थिति में किया। मुकाबले में दोनों टीमों ने अच्छा खेल दिखाया, लेकिन किंग कोबरा क्लब ने शुरुआती मिनटों में बढ़त बनाकर मैच अपने नियंत्रण में कर लिया। जर्सी नंबर 13 विष्णु कुमार ने 8वें मिनट में पहला गोल कर टीम को बढ़त दिलाई, जबकि जर्सी नंबर 6 नितेश कुमार ने 13वें मिनट में दूसरा गोल दागकर स्कोर 2-0 कर दिया। मध्यांतर तक यही बढ़त कायम रही। दूसरे हाफ में दोनों टीमों ने तेज खेल दिखाया, लेकिन कोई और गोल नहीं हो सका और किंग कोबरा फुटबॉल क्लब ने 2-0 से जीत दर्ज कर पूर्ण अंक हासिल किए।

पहले मैच में निर्णायक की भूमिका दीपक कुमार ने निभाई, जबकि सहायक निर्णायक के रूप में मणिराज ठाकुर और मोहम्मद सईद तथा चौथे निर्णायक के रूप में विपिन कुमार उपस्थित रहे। दूसरे मैच में निर्णायक दीपक कुमार, सहायक निर्णायक अमोद कुमार और सईद तथा चौथे निर्णायक के रूप में दीपक कुमार ने अपनी जिम्मेदारी निभाई।
लीग टूर्नामेंट के संयोजक मोहम्मद सलाउद्दीन ने जानकारी दी कि 16 फरवरी 2026 को प्रतियोगिता के तहत दो और मैच खेले जाएंगे। पहला मैच एमआईटी हॉस्टल फुटबॉल टीम और रैम्बो फुटबॉल क्लब मुजफ्फरपुर के बीच होगा, जबकि दूसरा मैच ठक्कर बाबा हॉस्टल फुटबॉल टीम और मुजफ्फरपुर फुटबॉल अकादमी के बीच खेला जाएगा।
इन्हें भी पढ़ें
टी20 विश्व कप : बड़ी जीत की तलाश में अफगानिस्तान
टी20 विश्व कप : श्रीलंका के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया के लिए करो या मरो की स्थिति
वेस्टइंडीज मेंस टी20 विश्व कप 2026 के सुपर-8 में
टी20 विश्व कप : इंग्लैंड की नजर सुपर-8 पर