बेगूसराय, 31 जनवरी। बेगूसराय जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में आयोजित बेगूसराय जिला सीनियर डिवीजन क्रिकेट लीग का शुभारंभ 1 फरवरी से होने जा रहा है। इस प्रतिष्ठित जिला लीग के मुकाबले जिले के तीन अलग-अलग मैदानों पर खेले जाएंगे, जिसकी सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
यह जानकारी बेगूसराय जिला क्रिकेट संघ के सचिव मृत्युंजय कुमार वीरेश ने दी। उन्होंने बताया कि इस बार लीग के मुकाबले एक साथ तीन मैदानों पर टर्फ विकेट पर खेले जाएंगे जो बेगूसराय जिला क्रिकेट संघ के लिए गर्व की बात है। वीरेश ने इस प्रतियोगिता में भाग ले रही सभी 12 टीमों को शुभकामनाएं भी दीं।

12 टीमों के बीच होगा खिताबी संघर्ष
लीग के संयोजक निराला कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि इस सीनियर डिवीजन जिला क्रिकेट लीग में कुल 12 टीमें भाग ले रही हैं, जिनमें बेगूसराय ग्रामीण क्रिकेट क्लब, दिनकर क्रिकेट क्लब, श्री कृष्ण सिंह क्रिकेट क्लब, बछवाड़ा क्रिकेट क्लब, बलिया क्रिकेट क्लब, बेगूसराय नगर क्रिकेट क्लब, बेगूसराय क्रिकेट क्लब, साहेबपुर कमाल क्रिकेट क्लब, नौला क्रिकेट क्लब, तेघड़ा क्रिकेट क्लब, बरौनी क्रिकेट क्लब और डंडारी क्रिकेट क्लब शामिल हैं।

पहला मुकाबला 1 फरवरी को गांधी स्टेडियम में बेगूसराय जिला क्रिकेट संघ के मीडिया प्रभारी विवेक कुमार ने बताया कि लीग का पहला मुकाबला 1 फरवरी को बरौनी क्रिकेट क्लब और श्री कृष्ण सिंह क्रिकेट क्लब के बीच सुबह 9 बजे से गांधी स्टेडियम में खेला जाएगा। उन्होंने आगे बताया कि 2 फरवरी से जिले के तीन मैदानों पर लगातार मुकाबले खेले जाएंगे।
बेगूसराय सीनियर डिवीजन जिला क्रिकेट लीग को लेकर खिलाड़ियों और क्रिकेट प्रेमियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।