नवादा, 26 जनवरी। युवा कार्य एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की प्रमोशनल संस्था Physical Education Foundation of India (PEFI) द्वारा आयोजित 8वें PEFI नेशनल अवार्ड 2026 के लिए पूरे देश से चयनित 13 विशिष्ट शारीरिक शिक्षकों में बिहार के संतोष कुमार वर्मा को भी शामिल किया गया है।
ईस्ट जोन से चयनित दो शिक्षकों में संतोष कुमार वर्मा बिहार से एकमात्र शारीरिक शिक्षक हैं, जिन्हें West Physical Education Teacher in India Award के लिए चुना गया है।
6 फरवरी को नई दिल्ली में होगा सम्मान समारोह
यह भव्य सम्मान समारोह 6 फरवरी 2026 को NDMC Convention Centre में आयोजित किया जाएगा, जहां देशभर के चयनित शारीरिक शिक्षकों को सम्मानित किया जाएगा।
शिक्षा और खेल के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान
संतोष कुमार वर्मा वर्तमान में इंटर विद्यालय आती, कदीरगंज में शारीरिक शिक्षक के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने जिले और राज्य स्तर पर खेल व शारीरिक शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए हैं।
वे अब तक 30 से अधिक राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में कोच, रेफरी और दल प्रबंधक के रूप में भाग ले चुके हैं और अपने मार्गदर्शन में खिलाड़ियों को कई पदक दिला चुके हैं।
अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचा प्रशिक्षण का प्रभाव
संतोष कुमार वर्मा द्वारा प्रशिक्षित कई खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लेकर देश और राज्य का नाम रोशन कर चुके हैं।
विशेष रूप से हैंडबॉल खेल में उन्होंने बिहार के खिलाड़ियों को प्रशिक्षित कर राष्ट्रीय स्तर पर परचम लहराया है।
फिट इंडिया से शिक्षा में नवाचार तक
उन्होंने फिट इंडिया, खेलो इंडिया, योग, पीटी व्यायाम, साइक्लोथन, मॉर्निंग वॉक, विद्यालय स्वास्थ्य कार्यक्रम और शिक्षा में नवाचार जैसे अभियानों में भी सक्रिय भूमिका निभाई है। इन उपलब्धियों के लिए राज्य सरकार द्वारा उन्हें राजकीय शिक्षक सम्मान 2024 से भी सम्मानित किया जा चुका है।
जिले-राज्य में खुशी की लहर
PEFI नेशनल अवार्ड 2026 के लिए चयन की खबर के बाद नवादा जिला ही नहीं, बल्कि राज्य के विभिन्न जिलों से उन्हें फोन और संदेशों के माध्यम से बधाइयाँ मिल रही हैं। उनकी यह उपलब्धि बिहार के शारीरिक शिक्षकों और खेल जगत के लिए गर्व का विषय मानी जा रही है।