पटना, 17 जनवरी। अखिल बिहार शतरंज संघ के तत्वावधान में पटना के कलिकेत नगर, बेली रोड स्थित सिटी स्क्वायर बैंक्वेट हॉल में चल रही बिहार राज्य एमेच्योर शतरंज प्रतियोगिता में 17 जनवरी यानी शनिवार को सातवें चक्र की समाप्ति के उपरांत तबशीर आलम सात अंक लेकर अकेले शीर्ष पर आ गए हैं।
आज सातवें चक्र में बोर्ड नम्बर एक पर काले मोहरों खेलते हुए तबशीर ने खगड़िया के शुभम को पराजित कर प्रतियोगिता में आधे अंकों की अग्रता ले ली। इस महत्वपूर्ण मैच में 25वें चाल में शुभम का वजीर पीट लिया। बाजी हाथ से जाते देख शुभम ने 31वें चाल में हार मान ली। साढ़े छह अंकों के साथ पीयूष और रूपेश रामचंद्र संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर चल रहे हैं।
दो नम्बर बोर्ड पर खेलते हुए पटना के पीयूष ने बेगूसराय के किशन को 75 चालों के मैराथन बाजी में पराजित किया। बिशप नाइट के अंत के खेल में काले प्यादे की बढ़त को रोकने में असमर्थ शुभम ने हार मान ली। तीसरे बोर्ड पर रूपेश रामचंद्र ने सफेद मोहरों से सिसिलियन ड्रैगन के खेल में मनीष कुमार को 45 चालों में पराजित कर दिया। 36वें चाल में नाइट से राजा को फोर्क करने का दांव मनीष को भारी पड़ा और नाइट गंवाना पड़ा
छह अंकों के साथ शुभम, तेजस शांडिल्य, अद्विक और सौरव रूप संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर चल रहे हैं।
कल प्रतियोगिता के अंतिम दिन दो चक्र खेले जाने हैं। आज आर्थिक अपराध इकाई के श्री डी अमरकेश ने शीर्ष बोर्ड पर चाल चलकर चक्र की शुरुआत की।