पटना, 18 दिसंबर। डॉ चंद्रिका बाबू खेल महोत्सव के तहत आयोजित 10 वीं बिहार राज्य सब जूनियर बालिका हैंडबॉल प्रतियोगिता 19 से 21 दिसंबर तक जहानाबाद के हुलासगंज कसियावा गांव अवस्थित डॉ चंद्रिका प्रसाद यादव स्पोर्ट्स एकेडमी में 20 जिला से तीन सौ से अधिक खिलाड़ी एवं तकनीकी अधिकारी पहुंचे है।
बिहार हैंडबॉल संघ के महासचिव ब्रजकिशोर शर्मा ने बताया कि खेल महोत्सव के अंतर्गत आयोजित प्रतियोगिता की तैयारी जायजा आयोजन अध्यक्ष प्रो डॉ संजय कुमार ने गुरुवार के शाम लिया एवं खिलाड़ियों से मुलाकात की। मौके पर स्वागत समिति के डॉ अजय कुमार, चंद्रप्रकाश एवं आयोजन सचिव आलोक कुमार सहित अन्य थे।
प्रतियोगिता का उद्घाटन शुक्रवार को बिहार सरकार के पीएचईडी मंत्री संजय कुमार सिंह करेंगे। ठंड को देखते हुए बिहार हैंडबॉल ने खिलाड़ियों को पहले ही कम्बल सहित गर्म कपड़ा लेकर आने का निर्देश जारी किया था। प्रत्येक जिला इकाई को 12 खिलाड़ी एवं 1 प्रशिक्षक के साथ बिहार हैंडबॉल संघ के बेवसाइट पर पंजीयन की आज अंतिम तिथि निर्धारित थी।
प्रतियोगिता को सम्पन्न कराने के लिए दक्ष तकनीकी पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई है। प्रतियोगिता के परिणाम के आधार पर बेहतर खिलाड़ियों का चयन बिहार सब जूनियर बालिका टीम के लिए किया जाएगा जो राष्ट्रीय हैंडबॉल प्रतियोगिता में बिहार का प्रतिनिधित्व करेंगी।