गया, 17 दिसंबर। गया कॉलेज, गया जी ने मगध विश्वविद्यालय इंटर कॉलेज क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम कर लिया। स्थानीय फाइनल में गया कॉलेज, गया जी ने एस. एन. सिन्हा कॉलेज, औरंगाबाद को 60 रन से हराया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए गया कॉलेज की टीम 20 ओवर में ऑलआउट होकर 183 रन बनाने में सफल रही। टीम की ओर से अंकुश राज ने 38 रन बनाए, जबकि शांतनु ने 23 रन का योगदान दिया। रंजन राज और यश राज ने 19-19 रन जोड़े। एस. एन. सिन्हा कॉलेज की ओर से प्रभात और विवेक ने दो-दो विकेट लेकर गेंदबाजी में प्रभाव छोड़ा।
184 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी एस. एन. सिन्हा कॉलेज, औरंगाबाद की टीम गया कॉलेज की सटीक और आक्रामक गेंदबाजी के सामने 123 रनों पर सिमट गई। औरंगाबाद की ओर से नीतीश कुमार ने सर्वाधिक 59 रन बनाए, जबकि आयुष ने 21 रन जोड़े। गया कॉलेज गया की ओर से मयंक पांडे ने 4 विकेट, यश राज ने 2 विकेट और रोहित ने 2 विकेट झटक कर जीत सुनिश्चित की।
शानदार गेंदबाजी प्रदर्शन के लिए मयंक पांडे को मैन ऑफ द मैच, जबकि पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए यश राज सिंह को मैन ऑफ द सीरीज़ का पुरस्कार दिया गया।
मैच के मुख्य अतिथि गया कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सतीश चंद्र ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि अनुशासन, मेहनत और समर्पण के साथ खेला गया खेल ही सफलता दिलाता है। विशिष्ट अतिथि फतेहपुर प्रखंड विकास पदाधिकारी शशि भूषण साहू ने खिलाड़ियों से एकाग्रता और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
टूर्नामेंट में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर मगध विश्वविद्यालय की टीम का गठन किया जाएगा, जो 10 जनवरी से ओडिशा के कटक स्थित रेवेनशॉ विश्वविद्यालय में आयोजित अंतर विश्वविद्यालय प्रतियोगिता में भाग लेगी।
इस अवसर पर जावेद सर, विनोद कुमार सिंह, संतोष कुमार सिंह, डॉ. रेशमा यासमीन, डॉ. अर्चना, मनीष प्रताप सिंह, जीतन पांडे, कपिल, देवनारायण यादव, गया जिला क्रिकेट संघ के पूर्व सचिव संजय कुमार उर्फ चुन्नू सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।