कुआलालंपुर, 26 जून। भारत ने एशियाई खेल जगत में एक और गौरवशाली अध्याय जोड़ते हुए दूसरी एशियाई स्क्वैश युगल चैंपियनशिप में पुरुष, महिला और मिश्रित वर्ग — तीनों ही श्रेणियों के खिताब जीतकर क्लीन स्वीप किया। यह अभूतपूर्व उपलब्धि गुरुवार को कुआलालंपुर में दर्ज की गई।
पुरुष युगल में भारत की जबरदस्त वापसी
शीर्ष वरीय अभय सिंह और वेलावन सेंथिलकुमार की जोड़ी ने पुरुष युगल फाइनल में पाकिस्तान के नूर जमां और नासिर इकबाल के खिलाफ पहला सेट हारने के बावजूद शानदार वापसी करते हुए मुकाबला 2-1 (9-11, 11-5, 11-5) से अपने नाम किया। यह मुकाबला 88 मिनट तक चला।
इससे पहले भारतीय जोड़ी ने सेमीफाइनल में हांगकांग की जोड़ी चि हिम वोंग और मिंग होंग टांग को हराकर फाइनल में प्रवेश किया था।
महिला युगल में जोशना और अनाहत का दमदार प्रदर्शन
महिला युगल फाइनल में अनुभवी जोशना चिनप्पा और युवा अनाहत सिंह की जोड़ी ने मलेशिया की आइना अमानी और जिन यिंग यि के खिलाफ एक सेट से पिछड़ने के बाद जोरदार वापसी की और 2-1 (8-11, 11-9, 11-10) से जीत दर्ज की। यह मैच 35 मिनट तक चला।
मिश्रित युगल में अभय और अनाहत की जोड़ी का जलवा
मिश्रित युगल फाइनल में अभय सिंह और अनाहत सिंह की शीर्ष वरीय भारतीय जोड़ी ने मलेशिया के राशेल अर्नाल्ड और अमीशेनराज चंदारन को मात्र 28 मिनट में 2-0 (11-9, 11-7) से हराकर भारत के लिए स्वर्णिम समापन किया।
इस जीत के साथ अभय और अनाहत ने चैंपियनशिप में अपना दूसरा खिताब भी हासिल किया।
तीनों खिताबों पर कब्जा, भारत का एशिया में दबदबा
तीनों फाइनल में जीत हासिल कर भारत ने यह दिखा दिया कि स्क्वाश युगल प्रारूप में वह एशिया की सबसे मजबूत ताकत बनकर उभरा है। यह जीत भारतीय स्क्वाश खिलाड़ियों की मेहनत, टीम संयोजन और मानसिक मजबूती का परिणाम है।


