पटना, 18 दिसंबर। जेएसए मैदान, पूर्व रेलवे, जमालपुर ग्राउंड पर बुधवार यानी 18 दिसंबर को 50वीं गोल्डन जुबली बिहार राज्य जूनियर बालक कबड्डी प्रतियोगिता का शानदार आगाज हुआ।
प्रतियोगिता का उद्घाटन जमालपुर रेल कारखाना के मुख्य कारखाना प्रबंधक विनय कुमार जायसवाल, बिहार स्टेट कबड्डी एसोसिएशन के चेयरमैन कुमार विजय सिंह, रेल कारखाना के खेल अधिकारी सौरभ कुमार, जेएसए के जेनरल सेक्रेटरी प्रहलाद रावत, बिहार राज्य कबड्डी संघ के रेफरी बोर्ड के कन्हैया तांती ने नारियल फोड़ और खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया।





इस मौके पर बिहार राज्य कबड्डी संघ के चेयरमैन कुमार विजय सिंह ने कहा कि बिहार सरकार खेलों के विकास के लिए बेहतर काम कर रही है। उन्होंने रेल कारखाना को इस आयोजन में सहयोग प्रदान करने के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने खिलाड़ियों को संदेश देते हुए कहा कि आप ईमानदारी से कड़ी मेहनत करें आपको जिंदगी के हर क्षेत्र में सफलता मिलेगी।
बिहार राज्य कबड्डी संघ के बैनर तले मुंगेर जिला कबड्डी संघ की मेजबानी में आयोजित इस प्रतियोगिता के पहले दिन खेले गए मुकाबलों में पटना, मधुबनी, सीतामढ़ी, सारण, बेगूसराय और मधेपुरा ने जीत हासिल की है।
मधुबनी ने मुंगेर को 25-21, सीतामढ़ी ने रोहतास को 28-27, सारण ने नालंदा को 35-27, बेगूसराय ने नवादा को 32-25, पटना ने औरंगाबाद को 36-6, मधेपुरा ने मुजफ्फरपुर को 39-31 से हराया। गया बनाम भोजपुर मुकाबला 28-28 की बराबरी पर छूटा।
