पटना, 21 मार्च। पिछले दिनों नई दिल्ली में खो-खो फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित पहले खो-खो विश्व कप में ग्राउंड कमेटी के सदस्य के रूप में अहम भूमिका अदा करने वाले खो-खो एसोसिएशन ऑफ बिहार के महासचिव नीरज कुमार पप्पू को खो-खो इंटरनेशनल द्वारा प्रशंसा प्रमाण पत्र दिया गया।
नीरज कुमार पप्पू की इस उपलब्धि पर बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रवींद्र शंकरण ने बधाई देते हुए कहा कि यह प्रशंसा प्रमाण पत्र न केवल आपके लिए खुशी की बात है बल्कि इससे बिहार का नाम भी रौशन हुआ है।
नीरज कुमार पप्पू ने अपनी इस उपलब्धि पर कहा कि यह प्रशंसा प्रमाण पत्र हमें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगा। उन्होंने कहा कि बिहार खो-खो जगत के लिए गर्व की बात है।
उन्होंने खो-खो फेडरेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष सुधांशु मित्तल और महासचिव एम.एस त्यागी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बिहार में खो-खो खेल को बढ़ाने के लिए जो सहयोग आप सबों की ओर से दिया जा रहा है उसका खो-खो एसोसिएशन ऑफ बिहार आभारी है। उन्होंने कहा कि फेडरेशन आगे भी जो दायित्व हमें सौंपेगा उसका पूरा निर्वहन करूंगा।
उन्होंने कहा कि बिहार सरकार खेलों को बढ़ाने के लिए बेहतर कार्य कर रही है। खो-खो जैसे पारंपारिक खेल को आगे बढ़ाने के लिए सरकार खो-खो एसोसिएशन ऑफ बिहार को सहयोग कर रही है। उन्होंने उम्मीद जाहिर करते हुए कहा कि आने वाले दिनों में खो-खो का मेगा इवेंट बिहार में सरकार की सहयोग से आयोजित किया जा सकता है।


