Wednesday, April 30, 2025
Home बिहारअन्य Kho-Kho World Cup खेलेगी बिहार के भागलपुर की बेटी मोनिका

Kho-Kho World Cup खेलेगी बिहार के भागलपुर की बेटी मोनिका

by Khel Dhaba
0 comment

आगामी 13 से 19 जनवरी तक नई दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में आयोजित होने वाले खो-खो विश्व कप 2025 के लिए भारतीय पुरुष और महिला टीमों का ऐलान कर दिया गया है। पुरुष टीम की कमान प्रतीक वायकर जबकि महिला टीम की कमान प्रियंका को सौंपी गई है। भारतीय महिला टीम में बिहार की मोनिका शामिल हैं।


भागलपुर के नौगछिया के डिमोहा गांव की रहने वाली मोनिका ने तीन बार राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बिहार टीम की कप्तानी की है और दिल्ली में रहकर अभ्यास करती हैं। मोनिका ने अपने चयन के लिए भारतीय खो खो महासंघ के अध्यक्ष सुधांशु मित्तल और महासचिव एमएस त्यागी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने माना कि इन सभी की प्रेरणा की बदौलत मैं यहां तक पहुंची हूं। उन्होंने साथ ही खो खो एसोसिएशन ऑफ बिहार के सचिव नीरज कुमार पप्पू का भी आभार जताया, जिनके कारण खो खो में बेहतर कर पा रही हूं। इस बीच नीरज पप्पू ने भारतीय महिला टीम में चयन होने पर मोनिका को बधाई दी है।
विनोद शाह और जूदा देवी की पुत्री मोनिका इससे पहले भी भारतीय खो खो टीम की सदस्य रह चुकी हैं। पिछले साल नेपाल के कीर्तिपुर में पांच से आठ अक्टूबर तक नेपाल के खिलाफ आयोजित टेस्ट सीरीज में वह भारतीय टीम के लिए खेल चुकी हैं।

पुरुष टीम के कप्तान बने प्रतीक वायकर

भारतीय पुरुष टीम की कमान प्रतीक वायकर को सौंपी गई है, जिन्होंने 2016 में भारत के लिए डेब्यू किया था। प्रतीक ने महज आठ साल की उम्र में खो-खो खेलना शुरू किया और अपनी कप्तानी में महाराष्ट्र को 56वीं सीनियर नेशनल चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक दिलाया था। वह खो-खो लीग में तेलुगु योद्धा टीम का नेतृत्व भी कर चुके हैं।

प्रियंका इंगले संभालेंगी महिला टीम की कमान

महिला टीम की कप्तानी का जिम्मा अनुभवी खिलाड़ी प्रियंका इंगले को मिला है। प्रियंका ने पिछले 15 वर्षों में 23 राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लिया है। उनके नाम इला पुरस्कार और रानी लक्ष्मी बाई पुरस्कार जैसे प्रतिष्ठित सम्मान दर्ज हैं। उन्होंने चौथी एशियाई खो-खो चैंपियनशिप 2022-23 में भारतीय टीम को स्वर्ण पदक जिताने में अहम भूमिका निभाई थी।

भारतीय टीमों का चयन

भारतीय खो-खो महासंघ (केकेएफआई) के अध्यक्ष सुधांशु मित्तल और महासचिव एमएस त्यागी के नेतृत्व में चयन समिति ने खिलाड़ियों का चयन किया। अंतिम 15 खिलाड़ियों का चयन देशभर से आए 120 संभावित खिलाड़ियों के बीच हुए प्रशिक्षण शिविर के बाद किया गया।

पुरुष टीम
कप्तान: प्रतीक वायकर
अन्य खिलाड़ी: प्रबानी सबर, मेहुल, सचिन भार्गो, सुयश गरगते, रामजी कश्यप, शिवा पोथिर रेड्डी, आदित्य गणपुले, गौतम एमके, निखिल बी, आकाश कुमार, सुब्रमणि वी, सुमन बर्मन, अनिकेत पोटे, एस. रोकेसन सिंह।
स्टैंडबाय: अक्षय बांगरे, राजवर्धन शंकर पाटिल, विश्वनाथ जानकीराम।

महिला टीम
कप्तान: प्रियंका इंगले
अन्य खिलाड़ी: अश्विनी शिंदे, रेशमा राठौर, भीलर देवजीभाई, निर्मला भाटी, नीता देवी, चैथ्रा आर, सुभाश्री सिंग, मगई माझी, अंशु कुमारी, वैष्णवी बजरंग, नसरीन शेख, मीनू, मोनिका, नाजिया बीबी।
स्टैंडबाय: संपदा मोरे, रितिका सिलोरिया, प्रियंका भोपी।

You may also like

Leave a Comment

खेलढाबा.कॉम

खेलढाबा.कॉम, खेल पत्रकार की सोच और बहुत सारे खेल प्रेमियों के सुझाव व साथ का परिणाम है। बड़े निवेश की खेल वेबसाइट्स की भीड़ में खेलढाबा.कॉम के अलग होने की यह भी एक बड़ी वजह है। तो, जिले-कस्बों से बड़े आयोजनों तक की कवरेज के लिए जुड़े रहें खेलढाबा.कॉम से।

Newsletter

Subscribe my Newsletter for new blog posts, tips & new photos. Let's stay updated!

Laest News

@2025 – All Right Reserved.

error: Content is protected !!
Verified by MonsterInsights