पटना, 21 जून। बिहार क्रिकेट एसोसिएशन (बीसीए) द्वारा आयोजित महिला सीनियर एवं अंडर-23 वनडे ट्रॉफी 2025-26 में शनिवार को खेले गए लीग मुकाबलों में टीम सी और टीम जी ने शानदार जीत दर्ज की।
पटना के मोइनुल हक स्टेडियम में खेले गए मैच में टीम सी ने टीम डी को 6 विकेट से हराया जबकि वैशाली जिला के बिदुपुर स्थित वीडीसीए बीसीए क्रिकेट ग्राउंड में टीम जी ने टीम एच को 102 रन के बड़े अंतर से पराजित किया।
टीम सी की टीम 166 रन पर ऑल आउट
पटना के मोइनुल हक स्टेडियम में खेले गए मैच में टीम डी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। कप्तान वैदेही यादव ने 23 रन और शोभना साकेत ने 39 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। इसके अलावा कुमारी निष्ठा ने 33 रन बनाकर पारी को संभालने की कोशिश की। हालांकि नियमित अंतराल पर विकेट गिरने से टीम बड़ी साझेदारी नहीं बना सकी और 40 ओवर में 166 रन पर ऑलआउट हो गई।
प्रीति कुमारी की घातक गेंदबाजी
टीम सी की ओर से प्रीति कुमारी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 8 ओवर में 4 मेडन के साथ मात्र 13 रन देकर 4 विकेट झटके। सोनी ठाकुर और रुचि पाठक ने 2-2 विकेट चटकाये।
सोनी ठाकुर और खुशबू कुमारी ने दिलाई
167 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम सी की शुरुआत अच्छी नहीं रही। पहला विकेट 7 रन पर दूसरा विकेट 46 रन पर गिर गया। कप्तान याशिता सिंह केवल 4 रन बनाकर आउट हो गईं। इसके बाद ममता कुमारी और खुशबू कुमारी ने मिल कर पारी को संभाला और बाद में सोनी ठाकुर ने नाबाद पारी खेल कर टीम सी को जीत दिला दी। ममता कुमारी ने 39 रन की उपयोगी पारी खेली। खुशबू कुमारी ने नाबाद 36 रन बनाकर एक छोर संभाले रखा, जबकि सोनी ठाकुर ने 47 गेंदों में 41 रन की नाबाद मैच विजयी पारी खेली। दोनों बल्लेबाजों ने टीम को 34.5 ओवर में चार विकेट पर 167 रन पहुंचाकर 6 विकेट से जीत दिला दी। विजेता टीम के सोनी ठाकुरी को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।
टीम डी की ओर से अर्चना कुमारी ने 2 जबकि नूतन सिंह और हेमा कशीश ने 1-1 विकेट चटकाये।
संक्षिप्त स्कोर
टीम डी : 40 ओवर में 166 रन पर ऑल आउट, वैदही यादव 23, शोभना साकेत 39, कुमारी निष्ठा 33, कुमारी रंजना 14, अतिरिक्त 27, सोनी ठाकुर 2/37, प्रीति कुमारी 4/13, खुशबू कुमारी 1/30, रुचि पाठक 2/12
टीम सी : 34.5 ओवर में चार विकेट पर 167 रन, एंड्री रानी 10, ममता कुमारी 39, खुशबू कुमारी नाबाद 40, सोनी ठाकुर नाबाद 37, अतिरिक्त 26, नूतन सिंह 1/36, हेमा कशीश 1/16, अर्चना कुमारी 2/21
शिखा सिंह के अर्धशतक से टीम जी ने खड़ा किया विशाल स्कोर
बिदुपुर के ग्राउंड पर खेले गए दूसरे मुकाबले में टीम जी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए शानदार प्रदर्शन किया। कप्तान निक्की कुमारी के जल्दी आउट होने के बाद शिखा सिंह ने जिम्मेदारी संभाली और 70 गेंदों में 65 रन की बेहतरीन पारी खेली। उनके अलावा प्रीति कुमारी ने 39 गेंदों में 41 रन, ममता राय ने 38 गेंदों में 46 रन और रोजी ने 16 गेंदों पर 26 रन बनाकर टीम को 40 ओवर में 8 विकेट पर 257 रन का मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।
टीम एच की ओर से दिव्या भारती ने 2 विकेट लिए, जबकि खुशी गुप्ता, रूपा कुमारी, पूजा कुमारी, एकता और नंदिनी सिंह को 1-1 सफलता मिली।
टीम एच की बल्लेबाजी लड़खड़ाई, 102 रन से हार
258 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम एच की शुरुआत बेहद खराब रही और पहला विकेट पहले ही रन पर गिर गया। कप्तान भव्या ने 20 रन और आकांक्षा ने 40 रन बनाकर संघर्ष किया। खुशी गुप्ता ने 53 गेंदों में 47 रन की शानदार पारी खेली लेकिन अन्य बल्लेबाजों से सहयोग नहीं मिलने के कारण पूरी टीम 31.3 ओवर में 155 रन पर सिमट गई।
टीम जी की ओर से प्रिया कुमारी और जिया सोनी ने 2-2 विकेट लिए। शिखा सिंह ने भी गेंद से कमाल दिखाते हुए 2 विकेट झटके। रोजी, डॉली और सृष्टि सिंह को 1-1 विकेट मिला। विजेता टीम की शिखा सिंह को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।
संक्षिप्त स्कोर
टीम जी : 40 ओवर में 8 विकेट पर 257 रन, निक्की कुमारी 13, शिखा सिंह 65, स्वर्णिमा चक्रवर्ती 13, प्रीति कुमारी 41, ममता राय 46, डॉली 25, रोजी 26, अतिरिक्त 19, सूर्या भारद्वाज 1/55, दिव्या भारती 238, खुशी गुप्ता 1/27, रुपा कुमारी 1/24, पूजा कुमारी 1/33, एकता 1/51, नंदनी सिंह 1/28
टीम एच : 31.3 ओवर में 155रन पर ऑल आउट, भाव्या 20, रुपा कुमारी 13, आकांक्षा 40, खुशी गुप्ता 47, अतिरिक्त 27, रोजी 1/25, सृष्टि सिंह 1/31, प्रिया कुमारी 2/12, जिया सोनी 2/19, डॉली 1/15, शिखा सिंह 2/17