मियामी, 16 जून। खेल के 80वें मिनट में मैक्सी अराउजो द्वारा किये गए गोल की मदद से उरुग्वे फीफा विश्व कप फुटबॉल के ग्रुप एच के अपने पहले मुकाबले में सऊदी अरब के खिलाफ हार बचाने में सफल रहा।
सऊदी अरब के लिए अब्दुलइलाह अल अमरी ने पहला गोल किया, जिसे बाद में मैक्सी अराउजो ने बराबर कर दिया। इस मैच में दोनों टीमों को गोलकीपिंग की गलतियों का फायदा मिला।
पहले हाफ में उरुग्वे का दबदबा रहा लेकिन 41वें मिनट में खेल के प्रवाह के विपरीत सऊदी अरब ने बढ़त बना ली। फर्नांडो मुस्लेरा ने सेट-पीस के दौरान एक बड़ी गलती की और गेंद को अल अमरी की तरफ धकेल दिया जिन्होंने अनुभवी गोलकीपर को छकाते हुए गोल कर दिया।
दूसरे हाफ का ज़्यादातर समय सऊदी अरब के हाफ में खेला गया क्योंकि उरुग्वे बराबरी का गोल करने की पुरज़ोर कोशिश कर रहा था। उनकी मेहनत रंग लाई जब गोलकीपर मोहम्मद अल ओवाइस से भी गलती हुई उनके द्वारा रोकी गई गेंद अराउजो के पास सही जगह पर गिरी और उन्होंने गोल कर दिया। सोमवार को स्पेन और केप वर्डे के बीच हुए मैच के ड्रॉ होने के बाद ग्रुप एच की स्थिति काफी दिलचस्प हो गई है। अब सभी चार टीमें एक-एक पॉइंट पर हैं।