पटना, 26 मई। टर्निंग प्वाइंट के तत्वावधान में मंगलवार यानी 26 मई से शुरू कॉरपोरेट क्रिकेट स्कूल लीग के पहले दिन टायकून लीजेंड और वोल्केनो मास्टर्स ने जीत हासिल की। पहले दिन खेले गए मुकाबले में टायकून लीजेंड ने बेहद अर्थक्वेक स्टापर्स को 2 विकेट जबकि दूसरे मैच में वोल्केनो मास्टर्स ने फ्लड स्मैशर्स को 10 रन से पराजित किया।
इस पहले टूर्नामेंट का उद्घाटन डिप्टी मेयर श्रीमती रश्मि चंद्रवंशी, वार्ड पार्षद इंद्रदीप चद्रवंशी, राज्य कर आयुक्त शशि शेखर ने गुब्बारा उड़ाकर एवं खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में सौरव कुमार, प्रीति रानी और राजीव मिश्रा मौजूद रहे। सभी अतिथियों का स्वागत टर्निंग प्वाइंट के एमडी विजय शर्मा ने शॉल और मोमेंटो देकर किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सरदार पटेल स्पोटर्स फाउंडेशन के संस्थापक संतोष तिवारी ने की, जबकि धन्यवाद ज्ञापन महासचिव नवीन कुमार ने किया। वहीं इस लीग में हेलोसिटी फीजियोथेरेपी एंड रिहेब सेंटर के डॉ बब्लू कुमार द्वारा फीजियो सेवा प्रदान की जा रही है।
पहला मैच
श्री कृष्णा क्रिकेट ग्राउंड पर शुरू इस टूर्नामेंट के पहले मैच में अर्थक्वेक स्टापर्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम 18.5 ओवर में 104 रन पर सिमट गई। विश्वजीत आनंद ने 14 रन, आयुष्मान जैन और शेख अमीन ने 12-12 रन बनाए। अतिरिक्त के रूप में टीम को 21 रन मिले।
टायकून लीजेंड की ओर से आयुष्मान कुमार ने घातक गेंदबाजी करते हुए 3.5 ओवर में मात्र 9 रन देकर 5 विकेट झटके। उनके इस शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। इसके अलावा पीयूष आनंद ने 2 विकेट हासिल किए।
105 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टायकून लीजेंड ने 15.3 ओवर में 8 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। टीम की ओर से आरव चंद्रा ने 24 रन, अर्चित करादे ने 17 और हर्षित शर्मा ने 16 रन की उपयोगी पारी खेली। अर्थक्वेक स्टापर्स के लिए विश्वजीत आनंद, आयुष्मान जैन और पृथ्वी ने दो-दो विकेट लिए।
संक्षिप्त स्कोर
अर्थक्वेक स्टापर्स: 18.5 ओवर में 104 रन पर ऑल आउट, आयुष्मान जैन 12, तेजस 10, शेख अमीन 12, विश्वजीत आनंद 14, अतिरिक्त 21, आयुष्मान कुमार 5/9, पीयूष आनंद 2/26, रिषि सिंह 1/29, रेयांश केशरी 1/19, अमृत राज 1/5.
टायकून लीजेंड : 15.3 ओवर में 8 विकेट पर 105 रन, आरव चंद्रा 24, हर्षित शर्मा 16, अर्चित करादे 17, रुणित सिन्हा 11, अतिरिक्त 21, विश्वजीत आनंद 2/26, आयुष्मान जैन 2/29, पृथ्वी 2/24, आशीष राज 1/12, अमन कुमार यादव 1/13.
दूसरा मैच
दूसरे मुकाबले में वोल्केनो मास्टर्स ने फ्लड स्मैशर्स को 10 रन से हराकर शानदार जीत दर्ज की। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए वोल्केनो मास्टर्स की टीम ने 18.5 ओवर में 120 रन बनाए। अनुपम कुमार ने शानदार 49 रन की पारी खेली, जबकि वेदांत वरुण ने 16 रन का योगदान दिया। अतिरिक्त के रूप में 24 रन मिले। फ्लड स्मैशर्स की ओर से अभय सिंह, आदर्श राज, मानव और रेयांश सिंह ने दो-दो विकेट झटके। हिमांशु कुमार और अनमोल तिवारी को एक-एक सफलता मिली।
121 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी फ्लड स्मैशर्स की टीम 17.2 ओवर में 110 रन पर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से आदर्श राज ने 21 रन, हिमांशु कुमार और युगवीर यादव ने 19-19 रन बनाए, जबकि युवराज सिंह ने 18 रन की पारी खेली। अतिरिक्त के रूप में टीम को 23 रन मिले, लेकिन यह जीत के लिए पर्याप्त साबित नहीं हुआ।
वोल्केनो मास्टर्स की ओर से अर्पित लाल ने घातक गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट लेकर मैच का रुख बदल दिया। वेदांत वरुण ने 3 विकेट, जबकि प्रत्युष राज ने 2 विकेट हासिल किए। शानदार प्रदर्शन के लिए अर्पित लाल को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
संक्षिप्त स्कोर
वोल्केनो मास्टर्स: 18.5 ओवर में 120/10, अनुपम कुमार 49, वेदांत वरुण 16, अतिरिक्त 24, अभय सिंह 2/31, हिमांशु कुमार 1/25, अनमोल तिवारी 1/19, आदर्श राज 2/25, मानव 2/19, रेयांश सिंह 2/0,
फ्लड स्मैशर्स: 17.2 ओवर में 110/10, युवराज सिंह 18, आदर्श राज 21, हिमांशु कुमार 19, युगवीर यादव 19, अतिरिक्त 23, अर्पित लाल 4/17, अनिकेत अजय प्रकाश 1/31, प्रत्यूष राज 2/28, वेदांत वरुण 3/13.