सोनपुर, 25 मार्च। रेलवे स्टेडियम सोनपुर में चल रही टी-20 अंतर विभागीय क्रिकेट प्रतियोगिता में बुधवार को खेले गए मुकाबले में इलेक्ट्रिकल टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए टीआरएस बरौनी को 9 विकेट से करारी शिकस्त दी। टीम की जीत के हीरो रहे राहुल मिश्रा और संतोष प्रकाश, जिन्होंने विस्फोटक बल्लेबाजी से मैच को एकतरफा बना दिया।
टीआरएस बरौनी की साधारण शुरुआत
मैच में टीआरएस बरौनी के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। निर्धारित 16 ओवरों में टीम 4 विकेट खोकर 107 रन ही बना सकी। टीम की ओर से बिपिन ने 23 रन, चेतन ने 19 रन और बलजीत ने भी 19 रनों का योगदान दिया, लेकिन कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका।
राहुल-संतोष की तूफानी ओपनिंग
लक्ष्य का पीछा करने उतरी इलेक्ट्रिकल टीम की शुरुआत बेहद आक्रामक रही। सलामी बल्लेबाज राहुल मिश्रा और संतोष प्रकाश ने पहले ही 5 ओवर में 74 रन जोड़कर मैच को लगभग खत्म कर दिया। राहुल मिश्रा ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए मात्र 20 गेंदों पर नाबाद 56 रन बनाए, जबकि संतोष प्रकाश ने 13 गेंदों पर 27 रन ठोके। इसके बाद फ़ैज़ अली ख़ान ने भी 11 गेंदों में 20 रन बनाकर जीत को आसान बना दिया।

7.2 ओवर में जीत, लगातार चौथी सफलता
इलेक्ट्रिकल टीम ने महज 7.2 ओवर में 1 विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर लिया और 9 विकेट से शानदार जीत दर्ज की। गेंदबाजी में भी राहुल मिश्रा ने 4 ओवर में 25 रन देकर 2 विकेट झटके और ऑलराउंड प्रदर्शन से टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। इसके अलावा ज्योति कुमार ने मैदान पर बेहतरीन फील्डिंग का प्रदर्शन किया।
राहुल मिश्रा बने मैन ऑफ द मैच
गेंद और बल्ले से शानदार प्रदर्शन के लिए राहुल मिश्रा को मैन ऑफ द मैच चुना गया। यह पुरस्कार मुख्य अतिथि साकेत कुमार सिंह, मुख्य कार्याधिकारी/विद्युत (परिचालन), सोनपुर द्वारा प्रदान किया गया। इस जीत के साथ इलेक्ट्रिकल टीम ने टूर्नामेंट में अपनी लगातार चौथी जीत दर्ज कर अपनी दावेदारी और मजबूत कर दी है।