पटना, 8 फरवरी। बिहार ने नागालैंड को पारी और 164 रन से हरा कर बीसीसीआई द्वारा आयोजित कर्नल सीके नायडू अंडर-23 ट्रॉफी के प्लेट ग्रुप का खिताब अपने नाम कर लिया है। इस खिताबी जीत के साथ ही बिहार ने अगले सत्र में एलीट ग्रुप में खेलने का हक पा लिया है। नमन गौरव को प्लेयर ऑफ द मैच और सूरज कश्यप को प्लेयर ऑफ द सीरीज का पुरस्कार दिया गया।
स्थानीय मोइनुल हक स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में नागालैंड की टीम ने अपनी पहली पारी में 155 और दूसरी पारी में 163 रन बनाये। बिहार ने अपनी पहली पारी नौ विकेट पर 482 रन बना कर घोषित की थी।
इस मैच में बिहार की ओर से बैटिंग में नमन गौरव ने असाधारण प्रदर्शन करते हुए नाबाद 200 रन की ऐतिहासिक पारी खेली थी। इसके अलावा आकाश राज ने 73 रन, पृथ्वी राज और आदित्य राज के 61-61 रन तथा वासुदेव ने 33 रन की उपयोगी पारी खेली।

नागालैंड की ओर से दूसरी पारी में नीज़ेखो ने 84 रन की संघर्षपूर्ण पारी खेली, लेकिन अन्य बल्लेबाज बिहार के अनुशासित आक्रमण के सामने टिक नहीं सके।
वासुदेव और सूरज की घातक गेंदबाजी
बिहार की गेंदबाजी पूरे मुकाबले में प्रभावशाली रही। वासुदेव प्रसाद सिंह ने कुल 8 विकेट चटकाये। पहली पारी में उन्होंने 5 विकेट चटकाये थे। सूरज कश्यप के खाते में चार विकेट आया। सुमन कुमार ने दो विकेट हासिल किए।
पृथ्वी राज टॉप पर
पूरे टूर्नामेंट में बैटिंग के लिहाज से बिहार के पृथ्वी राज टॉप पर रहे। उन्होंने छह मैचों के 6 पारियों में 2 शतक और 2 अर्धशतक की मदद से 680 रन बनाये और शीर्ष पर हैं। 282 रन उका उच्चतम स्कोर रहा।
गेंदबाजी में सूरज टॉप पर
गेंदबाजी में सूरज कश्यप टॉप पर हैं। उन्होंने पांच मैचों की दस पारियों में कुल 31 विकेट चटकाये हैं। 3 बार उन्होंने पांच या उससे ज्यादा विकेट चटकाये हैं। 25 विकेट के साथ वासुदेव प्रसाद सिंह तीसरे नंबर पर हैं।

अध्यक्ष हर्षवर्धन ने टीम की प्रशंसा की
बिहार क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष हर्षवर्धन ने खिताबी जीत पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता पूरे सत्र में टीम के अनुशासित और समर्पित प्रदर्शन का परिणाम है। उन्होंने फाइनल मुकाबले में खिलाड़ियों द्वारा दिखाए गए धैर्य और संतुलन की सराहना करते हुए टीम प्रबंधन और सहयोगी स्टाफ के योगदान को भी महत्वपूर्ण बताया।
सचिव जियाउल आरफीन ने भविष्य के लिए बताया सकारात्मक संकेत
बीसीए सचिव जियाउल अरफीन ने बिहार टीम को बधाई देते हुए कहा कि कर्नल सीके नायडू ट्रॉफी प्लेट ग्रुप में टीम का प्रदर्शन राज्य क्रिकेट की बढ़ती मजबूती को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि युवा खिलाड़ियों ने इस टूर्नामेंट में जिम्मेदारी के साथ खेलते हुए अपनी प्रतिभा सिद्ध की है और यह जीत भविष्य के लिए उत्साहजनक संकेत है।
पुरस्कार वितरण समारोह में खिलाड़ियों का सम्मान
मैच के समापन के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में बिहार क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव जियाउल अरफीन ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर बीसीए के सभी पदाधिकारी उपस्थित रहे और बिहार तथा नगालैंड दोनों टीमों के खिलाड़ियों के प्रदर्शन और खेल भावना की सराहना की।