Saturday, May 16, 2026
Home Slider आईसीसी टी-20 रैंकिंग : भारत की शेफाली ने शीर्ष स्थान गंवाया

आईसीसी टी-20 रैंकिंग : भारत की शेफाली ने शीर्ष स्थान गंवाया

by Khel Dhaba
0 comment

दुबई। भारत की युवा बल्लेबाज शेफाली वर्मा ने सोमवार को आईसीसी महिला टी-20 अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में शीर्ष स्थान गंवा दिया जिससे वह तीसरे स्थान पर खिसक गयीं। वह मेलबर्न में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ विश्व कप फाइनल में केवल दो रन ही बना पायी थीं।
16 साल की शेफाली (744 अंक) ने हाल में ऑस्ट्रेलिया में समाप्त हुए टी20 विश्व कप के लीग चरण के खत्म होने के बाद शीर्ष स्थान हासिल कर लिया था। बेथ मूनी दो स्थान की छलांग से 762 अंक लेकर शीर्ष पर पहुंच गयी।

मूनी ने छह पारियों में 64 के औसत से 259 रन बनाये जो टूर्नामेंट में एक चरण में किसी खिलाड़ी के सबसे ज्यादा रन भी रहे जिससे उन्हें ‘प्लेयर आफ द टूर्नामेंट’ चुना गया। वह अपने करियर में पहली बार रैंकिंग में शीर्ष पर पहुंची हैं। न्यूजीलैंड की सूजी बेट्स (750 अंक) सूची में दूसरे स्थान पर बरकरार हैं जिसमें भारत की स्मृति मंधाना और जेमिमा रोड्रिग्स भी शामिल हैं।

भारतीय उप कप्तान मंधाना एक स्थान खिसककर सातवें स्थान पर पहुंच गयी जबकि रोड्रिग्स नौंवे स्थान पर कायम हैं। मूनी की सलामी बल्लेबाज एलिसा हीली दो पायदान की छलांग से पांचवें स्थान पर पहुंच गयी हैं।

भारत की दीप्ति शर्मा 10 पायदान के फायदे से बल्लेबाजों की सूची में 43वां स्थान हासिल करने में सफल रहीं जबकि वह पहली बार शीर्ष पांच आल राउंडर में शामिल हुई हैं। दीप्ति, राधा यादव और पूनम यादव गेंदबाजों की रैंकिंग में क्रमश: छठे, सातवें और आठवें स्थान पर हैं जिसमें इंग्लैंड की सोफी एक्सेलस्टोन शीर्ष पर हैं।

You may also like

Leave a Comment

खेलढाबा.कॉम

खेलढाबा.कॉम, खेल पत्रकार की सोच और बहुत सारे खेल प्रेमियों के सुझाव व साथ का परिणाम है। बड़े निवेश की खेल वेबसाइट्स की भीड़ में खेलढाबा.कॉम के अलग होने की यह भी एक बड़ी वजह है। तो, जिले-कस्बों से बड़े आयोजनों तक की कवरेज के लिए जुड़े रहें खेलढाबा.कॉम से।

Newsletter

Subscribe my Newsletter for new blog posts, tips & new photos. Let's stay updated!

Laest News

@2025 – All Right Reserved.

Verified by MonsterInsights