Wednesday, June 17, 2026
Home Slider रोहित कांस्य पदक के प्ले आफ में, पिंकी सेमीफाइनल में

रोहित कांस्य पदक के प्ले आफ में, पिंकी सेमीफाइनल में

by Khel Dhaba
0 comment

ओस्लो (नॉर्वे)। भारतीय पहलवान रोहित ने तकनीकी दक्षता के आधार पर तुर्की के सेलाहतिन किलिसालयन को हराकर सोमवार को यहां विश्व चैंपियनशिप के पुरुष 65 किग्रा वर्ग के कांस्य पदक प्ले आफ में जगह बनाई जबकि पिंकी महिला 55 किग्रा के सेमीफाइनल में प्रवेश करने में सफल रही।

रोहित रेपेचेज मुकाबले के लिए उतरे तो उन्हें शुरुआत में जूझना पड़ा। उन्होंने शुरू में अधिकांश समय रक्षात्मक रुख अपनाया और 1-2 से पिछड़ गए।

पहले पीरियड के अंत में हालांकि उन्होंने ‘डबल लेग’ हमला किया और इसे अंक में बदलकर 5-2 की बढ़त बना ली। दूसरे पीरियड में रोहित ने बेहतर प्रदर्शन किया और लगातार अंक जुटाते हुए विजयी बढ़त बनाई।

शाम के सत्र में कांस्य पदक के प्ले आफ में उनका मुकाबला मंगोलिया के तुल्गा तुमुर ओचिर से होगा।

सत्यव्रत कादियान (97 किग्रा) और सुशील (70 किग्रा) को हालांकि अपने क्वालीफिकेशन दौर के मुकाबलों में क्रमश: कोरिया के मिनवोन सियो और जॉर्जिया के जुराबी इयाकोबिशविली के खिलाफ शिकस्त झेलनी पड़ी।

कादियान ने विरोधी को बाहर धकेलकर छह अंक जुटाए। सियो ने भी छह अंक हासिल किए लेकिन कोरिया के खिलाड़ी को अधिक अंक का मूव बनाने के कारण विजेता घोषित किया गया। उन्होंने दो बार दो अंक जुटाए। दूसरी तरफ सुशील को 1-5 से शिकस्त झेलनी पड़ी।

महिला वर्ग में पिंकी को कोरिया की किम सोयोन के खिलाफ क्वालीफिकेशन दौर में 5-0 की जीत के दौरान अधिक पसीना नहीं बहाना पड़ा। उन्होंने इसके बाद कजाखस्तान की ऐशा उलिशान को चित्त करके सेमीफाइनल में जगह बनाई।

उलिशान के खिलाफ पिंकी ने अति रक्षात्मक रवैये के लिए अंक जुटाया और फिर विरोधी को बाहर धकेला। उलिशान को भी पिंकी के अति रक्षात्मक रवैये के लिए अंक दिया गया लेकिन भारतीय पहलवान पहले पीरियड के बाद 2-1 से आगे थी। पिंकी ने इसके बाद कजाखस्तान की खिलाड़ी को मैट पर गिराकर दो अंक जुटाए और फिर उसे चित्त करके जीत दर्ज की।

संगीता फोगाट ने 62 किग्रा वर्ग में जर्मनी की लुइसा नीमेश को 5-2 से हराकर अच्छी शुरुआत की लेकिन प्री क्वार्टर फाइनल में ब्राजील की लेस नुनेस डि ओलिवियेरा से 4-6 से हार गई। घुटने की समस्या के कारण संगीता तीन साल के बाद प्रतिस्पर्धी कुश्ती में वापसी कर रही हैं।

You may also like

Leave a Comment

खेलढाबा.कॉम

खेलढाबा.कॉम, खेल पत्रकार की सोच और बहुत सारे खेल प्रेमियों के सुझाव व साथ का परिणाम है। बड़े निवेश की खेल वेबसाइट्स की भीड़ में खेलढाबा.कॉम के अलग होने की यह भी एक बड़ी वजह है। तो, जिले-कस्बों से बड़े आयोजनों तक की कवरेज के लिए जुड़े रहें खेलढाबा.कॉम से।

Newsletter

Laest News

@2025 – All Right Reserved.