
पटना। टोक्यो ओलंपिक 2020 के लिए हॉकी इंडिया ने भारतीय हॉकी (पुरुष व महिला दोनों) टीमों की घोषणा कर दी है। टोक्यो ओलंपिक 23 जुलाई से आयोजित किया जायेगा। अभी टीमों के कप्तानों की घोषणा नहीं की गई है। टोक्यो ओलंपिक के लिए घोषित इन टीमों के बारे विश्लेषण किया है बिहार के हॉकी कोच, अंपायर व कमेंटेटर योगेश कुमार ने। तो आइए जानते हैं टीम के विश्लेषण के बारे में-
भारतीय पुरुष हॉकी टीम में युवा की जगह अनुभव को प्रमुखता दी गई है। इस टीम में 10 खिलाड़ी पहली बार ओलिंपिक में शिरकत करेंगे, लेकिन इसमें से ज्यादातर खिलाड़ी पिछले कई वर्षों से भारतीय हॉकी टीम का प्रतिनिधित्व कर रहें हैं।
कोविड के कारण घरेलू और अंतराष्ट्रीय टूर्नामेंट नहीं होने के कारण नये खिलाडियों पर चयनकर्ताओं का ध्यान नहीं गया। चयनकर्ताओं ने देश में उपलब्ध खिलाड़ियों में सर्वश्रेष्ठ प्रतिभा को चुना है।
बेंगलुरु में स्थित SAI राष्ट्रीय शिविर में सभी खिलाड़ी मुख्य कोच ग्राहम रीड की निगरानी में ओलंपिक के लिए जोरदार तैयारी कर रहे हैं। संभवत कोविड के कारण विदेशों में ओलंपिक के पहले खेले जाने वाले अभ्यास के लिए टीम बाहर नहीं गई है।
खिलाड़ियों की संख्या में कटौती की वजह से टीम के खिलाड़ियों का दमखम का महत्व काफी बढ़ गया है, विशेषकर गोलकीपर पीआर श्रीजेश को अपने को सुरक्षित रख भारतीय गोल पोस्ट की रक्षा करनी होगी।
मिडफील्डर मनप्रीत सिंह के साथ हरमनप्रीत सिंह, रूपिंदर पाल सिंह, सुरेंद्र कुमार और मनदीप सिंह जैसे अनुभव खिलाड़ी को टीम में रखा गया है। जिसका लाभ नये खिलाड़ियों को मिलेगा और पहली बार ओलंपिक खेलने जा रहे खिलाड़ियों को प्रेरणा मिलेगी।

बीरेंद्र लाकड़ा की वापसी से भारतीय रक्षा पंक्ति को मजबूती मिलेगी। इसके अलावा टीम में अमित रोहिदास, हार्दिक सिंह, विवेक सागर प्रसाद, नीलकांत शर्मा, सुमित और नवोदित फॉरवर्ड, शमशेर सिंह, दिलप्रीत सिंह, गुरजंत सिंह और ललित कुमार उपाध्याय को पहली बार ओलंपिक में अपने प्रदर्शन से विदेशी टीमों का मुकाबला करना होगा।
भारतीय टीम के ज्यादातर खिलाड़ी पिछले कई वर्षों से एक साथ खेल रहे हैं जिसके वजह से उनकी तालमेल बहुत अच्छी हो गई है। हाल के दिनों में भारतीय टीम अपने फिटनेस पर भी काफी ध्यान दे रही है जिसका लाभ निश्चित रूप से मिलेगा।
भारत ने 2016 और 2018 एशियाई चैम्पियंस ट्रॉफी, 2017 एशिया कप और 2019 विश्व सीरिज जीते हैं। हर ओलंपिक के पहले हम लोग अपने स्वर्णिम इतिहास को याद करते हैं और उम्मीद करते हैं की भारतीय टीम फिर से देश के लिए सोना लाए लेकिन हमें यह नहीं भूलना चाहिए 41 साल हमने ओलंपिक के हॉकी में मेडल नहीं जीता है। भारतीय टीम ने मॉस्को 1980 में ओलंपिक का आखिरी स्वर्ण पदक जीता था।
ओलंपिक के इतिहास में आठ स्वर्ण सहित 11 पदक जितने वाली भारतीय हॉकी टीम को पदक प्राप्त करने के लिए पूल ए में गत चैम्पियन अर्जेंटीना, आस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, स्पेन और मेजबान जापान के साथ आरंभिक मुकाबला जीतना होगा।
भारतीय पुरुष हॉकी टीम के खिलाड़ियों की सूची
गोलीकीपर्स: पीआर श्रीजेश। डिफेंडर्स: हरमनप्रीत सिंह, रुपिंदर पाल सिंह, सुरेंद्र कुमार, अमित रोहिदास, बीरेंद्र लाकड़ा। मिडफील्डर्स: हार्दिक सिंह, मनप्रीत सिंह, विवेक सागर प्रसाद, नीलकांत शर्मा, सुमित। फॉरवार्ड्स: शमशेर सिंह, दिलप्रीत सिंह, गुरजंत सिंह, ललित कुमार उपाध्याय, मनदीप सिंह।
वहीं 16 सदस्यों वाली संतुलित महिला हॉकी टीम में में आठ अनुभवी एवं आठ नए खिलाड़ियों को शामिल किया गया है।
खिलाड़ियों की अंतिम सूची में रानी रामपाल, सविता, दीप ग्रेस एक्का, सुशीला चानू पुखरामबम, मोनिका, निक्की प्रधान, नवजोत कौर और वंदना कटारिया जैसी आठ दिग्गज खिलाड़ी शामिल हैं। जिन्हें 2016 के रियो ओलंपिक खेलों में भारतीय महिला टीम का प्रतिनिधित्व करने का अनुभव है। इन आठों खिलाड़ियों ने भारत के लिए कुल 1492 मैच खेले हैं।
यह भारतीय महिला हॉकी टीम से अपेक्षा ज्यादा नहीं है। ओलंपिक खेलों में भारतीय महिला हॉकी टीम तीसरी बार भाग ले रही है।

रियो 2016 के बाद से टीम ने 2016 एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी, 2017 एशिया कप, 2018 एशियाई खेलों में रजत पदक जीतने और इतिहास में पहली बार 2018 महिला विश्व कप के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने का शानदार अनुभव किया है।
भारतीय महिला हॉकी टीम के मुख्य कोच शोर्ड मारिजने नको टोक्यो ओलंपिक में पदार्पण करने वाली खिलाड़ियों में ड्रैग-फ्लिकर गुरजीत कौर, उदिता, निशा, नेहा, नवनीत कौर, शर्मिला देवी, लालरेम्सियामी और सलीमा टेटे से काफ़ी उम्मीदें हैँ।शामिल हैं।
बेंगलुरु के SAI केंद्र में प्रशिक्षण ले रही भारतीय महिला हॉकी टीम 2021 की शुरुआत में जर्मनी और अर्जेंटीना के दौरे पर जमकर मेहनत की है।
घरेलू दर्शकों के बीच ओलिंपिक के हॉकी स्पर्धा के लिए क्वालीफाई करने वाली भारतीय महिला हॉकी टीम के पास खोने के लिए कुछ भी नहीं है लेकिन जिस तरीके से टीम ने हालिया दिनों में अच्छा प्रदर्शन किया है उससे टीम से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद की जा सकती है।
भारतीय महिला हॉकी टीम इस प्रकार है
गोलीकीपर्स : सविता। डिफेंडर्स : दीप ग्रेस एक्का, निक्की प्रधान, गुरजीत कौर, उदिता। मिडफील्डर्स : निशा, नेहा, सुशील चानू पुखरामबम, मोनिका, नवजोत कौर, सलीमा टेटे। फॉरवडर्स : रानी, नवनीत कौर, लालरेम्सियामी, वंदना कटारिया, शर्मिला देवी।