पूर्णिया, 17 मई। स्थानीय महात्मा गांधी इंडोर स्टेडियम में 17 मई यानी रविवार को हंड्रेड प्रथम बिहार स्टेट जूनियर (अंडर-17/19) रैंकिंग बैडमिंटन टूर्नामेंट-2026 का भव्य उद्घाटन हुआ।
बिहार बैडमिंटन एसोसिएशन के तत्वावधान में जिला बैडमिंटन संघ पूर्णिया की मेजबानी में आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्घाटन पूर्णिया के डीडीसी सह प्रभारी जिला पदाधिकारी अंजनी कुमार ने किया। इस अवसर पर एडीएम विधि व्यस्था पूर्णिया राजकुमार गुप्ता, अपर समाहर्ता विभागीय कार्रवाई विनय कुमार एवं पूर्व प्रशासनिक अधिकारी रविंद्र कुमार विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं बिहार बैडमिंटन एसोसिएशन के महासचिव के एन जायसवाल भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे। इसके अलावा खेल एवं सामाजिक क्षेत्र से जुड़े कई गणमान्य अतिथि समारोह में मौजूद रहे। जिसमें डीआरडीए के एक्जीक्यूटिव इंजीनियर अजहर परवेज शामिल हैं। मंच संचालन पूर्णिया जिला बैडमिंटन संघ के कार्यकारी सदस्य जावेद अंजुम ने किया।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर की गई। इसके बाद बिहार के विभिन्न जिलों से आए 150 खिलाड़ियों से अतिथियों ने परिचय प्राप्त किया और उनका उत्साहवर्धन किया। समारोह के अंतिम चरण में अतिथियों ने बैडमिंटन खेलकर प्रतियोगिता के विधिवत उदघाटन की घोषणा की।
इस अवसर पर खिलाड़ियों और उपस्थित लोगों को संबंधित करते हुए मुख्य अतिथि प्रभारी जिलाधिकारी अंजनी कुमार ने सभी प्रतियोगियों को शुभकामना प्रेषित करते हुए आयोजकों को सफल आयोजन के लिए बधाई दी। वहीं बिहार बैडमिंटन संघ के महासचिव ने अपने संबोधन में कहा कि पूर्णिया में बैडमिंटन के क्षेत्र में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय केंद्र केरूप में विकसित होने की पूरी क्षमता मौजूद है, क्योंकि पूर्णिया हवाई कनेक्टिविटी के कारण राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय आयोजन के लिए पूरी तरह तैयार।

आज की तारीख में एयरपोर्ट का होना एक आवश्यक सुविधा में शामिल है,वही पूर्णिया में अच्छे होटल्स की भी उपलब्धता है। सिर्फ कमी है एक राष्ट्रीय/अन्तर्राष्ट्रीय स्तर के इनडोर स्टेडियम की जिसमें 16 से 20 कोर्ट सहित 3 हजार क्षमता वाले दर्शको बैठने की सुविधा हो। उन्होंने आगे बताया कि इस संदर्भ में जिला पदाधिकारी पूर्णिया को भी अवगत कराया था और उन्होंने इस कमी को दूर करने के लिए पूरा प्रयास करने का आश्वासन दिया था और कहा था ऐसा प्रस्ताव बिहार बैडमिंटन संघ की ओर से चिव खेल विभाग को समर्पित करने का सुझाव भी दिया था।

टूर्नामेंट के आयोजन सचिव सह संयोजक जिला बैडमिंटन संघ पूर्णिया के असहर सबा वसीम ने बताया कि लड़के एवं लड़कियों के अंडर-17 और अंडर-19 वर्ग में एकल एवं युगल मुकाबले खेले जाएंगे। उन्होंने कहा कि पूर्णिया में इतने वर्षों बाद राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन जिले के खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक साबित होगा।
बिहार बैडमिंटन एसोसिएशन ने टूर्नामेंट के सफल संचालन के लिए कटिहार बैडमिटन संघ के सचिव सह बिहार बैडमिंटन संघ कार्यकारिणी समिति सदस्य संजीव कुमार सिंह को पर्यवेक्षक, मधुबनी के नेशनल अंपायर अर्जुन कुमार को चीफ रेफरी नियुक्त किया है। वहीं गया के आदित्य कुमार, कटिहार के दीपक झा तथा पूर्णिया के मो. एजाज एवं समीर राज को अंपायर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
प्रतियोगिता के सभी फाइनल मुकाबले 20 मई को खेले जाएंगे। आयोजन समिति द्वारा खिलाड़ियों एवं दर्शकों के लिए सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया गया है। आयोजन सचिव ने उम्मीद जताई कि यह प्रतियोगिता पूर्णिया के खेल इतिहास में एक यादगार अध्याय के पुनरावृत्ति होगी।
प्रतियोगिता के परिणाम इस प्रकार हैं-
जुनैद खान (नालंदा) ने उज्ज्वल कुमार (खगड़िया) को 21-13, 21-17, प्रिंस कुमार सिंह (वैशाली) ने कुमार रोनित (सहरसा) को 21-13, 21-06, यशवर्धन रणवाल (मधुबनी) ने तमजीद अख्तर (मुंगेर) को 24-22, 19-21, 21-16, भावेश कुमार (मुंगेर) ने सक्षम राज (समस्तीपुर) को 21-13, 16-21, 22-20, तन्मय आर्या (मोतिहारी) ने रमन कुमार (पूर्णिया) को 21-10, 21-11, ऋषव सिन्हा (भागलपुर) ने आतिफ खान (मोतिहारी) को 21-06, 21-07, ऋषव पटेल (पूर्णिया) ने अविनाब प्रताप सिंह (मुंगेर) को 21-12, 21-17, उदयन ठाकुर (मधुबनी) ने आदर्श कुमार (समस्तीपुर) को 21-17, 21-1, रोनक कुमार (खगड़िया) ने संस्कार स्वरूप (कटिहार) को 21-17, 21-14, अथर्व (पूर्णिया) ने आदित्य रॉय (वैशाली) को 21-15, 21-17, आरव कुमार (समस्तीपुर) ने श्लोक कश्यप (मुंगेर) को 21-10, 21-05, ऋषव राज (नालंदा) ने अक्ष श्रीवास्तव (मोतिहारी) को 22-20, 21-08, कृष्णा कुमार (पटना) ने रेहान अंसारी (समस्तीपुर) को 21-08, 21-12, सक्षम शौर्य (भागलपुर) ने अमृत राज (सहरसा) को 13-21, 21-09, 24-22, अशादुल्लाह (मुंगेर) ने यश भारती (कटिहार) को 21-11, 21-05, अहद नजर (रोहतास) ने चंद्रालूक (खगड़िया) को 21-04, 21-06 से हराया। आर्यन कुमार (पूर्णिया) को कुमार उमंग (खगड़िया) के खिलाफ और गुलाम आरिज (पूर्णिया) को अमृत राज (भागलपुर) के खिलाफ वॉकओवर मिला।