पटना, 16 मई। खो-खो एसोसिएशन ऑफ बिहार के तत्वावधान में आगामी 25 से 27 मई से जमुई जिला खो-खो संघ और ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल की संयुक्त मेजबानी में आयोजित होने वाली आमंत्रण कप बिहार राज्य सीनियर महिला व पुरुष पुरुष खो-खो चैंपियनशिप की तैयारियां जोरों पर चल रही है।
यह जानकारी देते हुए खो-खो एसोसिएशन ऑफ बिहार के महासचिव नीरज कुमार पप्पू ने बताया कि मैच दो कोर्ट पर खेले जायेंगे। एक कोर्ट मिट्टी का होगा दूसरा मैट का। उन्होंने कहा कि इस प्रतियोगिता में बिहार के विभिन्न जिलों से आमंत्रित टीमें ही भाग ले सकती हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी स्थिति में किसी भी जिला के खिलाड़ी या टीमों को ऑन द स्पॉट एंट्री नहीं मिलेगी।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन भी सीनियर नेशनल खो-खो पुरुष एवं महिला चैंपियनशिप की संभावित टीम में किया जायेगा। उन्होंने बताया कि ऑक्सफोर्ड स्कूल के निदेशक मनोज कुमार सिन्हा, प्राचार्य ऋतुराज सिन्हा और जमुई जिला खो – खो संघ के सेक्रेट्री अनुराग कुमार सिंह की देखरेख में विभिन्न उपसमितियां अपने मोर्चे पर काम कर रही हैं।
महासचिव नीरज कुमार पप्पू ने बताया कि खिलाड़ियों के लिए खेलने से लेकर आवासन, भोजन और परिवहन की उत्तम व्यवस्था की गई है। खिलाड़ियों को किसी भी तरीके की दिक्कत न हो इसका पूरा ख्याल रखा जा रहा है। मैच दिवा सह रात्रि में खेले जायेंगे। मैचों के संचालन के लिए 20 तकनीकी पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की जायेगी।