पटना, 8 जनवरी। बिहार के उभरते हुए तीरंदाज समर्थ कुमार ने राष्ट्रीय स्तर पर लगातार बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए राज्य और जिले का नाम रोशन किया है। झारखंड की राजधानी रांची में चल रही 69वीं नेशनल स्कूल गेम्स 2025-26 की अंडर-17 तीरंदाजी (रिकर्व) प्रतियोगिता में समर्थ कुमार ने रजत पदक जीतकर बिहार को गौरवान्वित किया।
समर्थ कुमार ने 60 मीटर राउंड में शानदार निशानेबाजी करते हुए 350 और 330 अंक अर्जित किए और प्रतियोगिता में दूसरा स्थान हासिल किया। इस उपलब्धि ने बिहार में तीरंदाजी खेल की बढ़ती संभावनाओं को एक बार फिर साबित किया है। उनकी इस सफलता के पीछे कोच आशुतोष कुमार सिंह और शिवम कुमार भगत का निरंतर मार्गदर्शन रहा, जबकि टीम मैनेजर बलराम प्रसाद ने टीम का कुशल नेतृत्व किया।
इससे पहले बिहार के भोजपुर जिला के रहने वाले इस तीरंदाज समर्थ कुमार ने पश्चिम बंगाल के बोलपुर में आयोजित 44वीं एनटीपीसी जूनियर राष्ट्रीय तीरंदाजी प्रतियोगिता के ओलंपिक राउंड में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया था।
समर्थ कुमार इससे पहले भी कई राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर अपने गांव, समाज और भोजपुर जिले का नाम रोशन कर चुके हैं। उनकी इस उपलब्धि पर बिहार खेल जगत ने बधाई दी है।