शिवहर, 7 जनवरी। आशुतोष नंदन सिंह मेमोरियल शिवहर जिला क्रिकेट लीग के सीनियर डिविजन, ग्रुप ‘ए’ में स्टार क्रिकेट क्लब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लगातार तीसरी जीत दर्ज की और सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।
ग्रुप चरण के अहम मुकाबले में स्टार क्रिकेट क्लब ने द लायन वॉरियर्स को 4 विकेट से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए द लायन वॉरियर्स की टीम 27.1 ओवर में 129 रन पर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से रजन कुमार ने 72 गेंदों में 55 रन की मेहनती पारी खेली, जबकि रजनीश ने 20 रन का योगदान दिया।
स्टार क्रिकेट क्लब की गेंदबाजी में आदित्य पांडेय ने कमाल का प्रदर्शन किया। उन्होंने 6 ओवर में सिर्फ 16 रन देकर 4 महत्वपूर्ण विकेट झटके। इसके अलावा कुश कुमार और रौशन डी रॉय ने भी प्रभावशाली गेंदबाजी करते हुए टीम को महत्वपूर्ण विकेट दिलाए।
लक्ष्य का पीछा करते हुए स्टार क्रिकेट क्लब ने 19.1 ओवर में 6 विकेट खोकर 130 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। अमन कुमार ने 40 गेंदों में 43 रन की उपयोगी पारी खेली, जबकि अक्की आयुष राज और तथागत डी आनंद ने तेज़ रन बनाकर टीम को जीत के करीब पहुँचाया।
मैच में अपने ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए आदित्य पांडेय को ‘प्लेयर ऑफ़ द मैच’ चुना गया। उन्होंने गेंदबाजी में चार विकेट लेकर मैच पर निर्णायक प्रभाव डाला।
ग्रुप चरण के तीनों मैच जीतकर स्टार क्रिकेट क्लब ने अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल किया और सेमीफाइनल में प्रवेश सुनिश्चित कर लिया है। आज के मैच में संजय कुमार श्रीवास्तव और प्रिंस सिंह ने अंपायरिंग की।