मुजफ्फरपुर, 26 सितंबर। मोहम्मद शोएब उर्फ़ लाल भाई एवं चंद्रशेखर कुमार चंदू स्मृति जूनियर ब्वॉयज फुटबॉल लीग के तहत शुक्रवार को खेले गए मुकाबले में किंग कोबरा फुटबॉल ए टीम ने संघर्षपूर्ण खेल में रैंबो फुटबॉल क्लब को 1-0 से पराजित कर दिया।
मैच स्थानीय खुदीराम बोस फुटबॉल मैदान में आयोजित हुआ। मुकाबले की शुरुआत मुजफ्फरपुर जिला फुटबॉल संघ के कार्यकारी सचिव सुनील कुमार सिंह ने उपाध्यक्ष मोहम्मद सलाउद्दीन, नजीर हुसैन, सुरेश महतो, वीरेंद्र कुमार यादव एवं अन्य खेलप्रेमियों की उपस्थिति में खिलाड़ियों से परिचय लेकर की।

गोल से तय हुई जीत
मैच की शुरुआत से ही दोनों टीमों ने जबरदस्त आक्रामकता दिखाई। खेल के 20वें मिनट में किंग कोबरा A टीम के जर्सी नंबर 7 गोलू कुमार ने शानदार गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। मध्यांतर तक किंग कोबरा 1-0 से आगे रही।

दूसरे हाफ में दोनों टीमों ने बेहतरीन मूवमेंट और संघर्षपूर्ण खेल का प्रदर्शन किया, लेकिन कोई भी टीम गोल दागने में सफल नहीं हो सकी। निर्धारित समय के बाद किंग कोबरा A टीम विजेता बनी।
निर्णायक और आयोजन समिति
आज के मैच में मोहम्मद अलीमुद्दीन मुख्य निर्णायक रहे, जबकि सहायक निर्णायक की भूमिका में समीम उल हक उर्फ पप्पन और इरशाद मलिक थे। चौथे रेफरी के रूप में विपिन कुमार प्रतिनियुक्त थे।

टूर्नामेंट के संयोजक मोहम्मद सलाउद्दीन ने बताया कि प्रतियोगिता का अगला मुकाबला 27 सितंबर 2025 को माउंट लिट्रा ज़ी स्कूल टीम और मुजफ्फरपुर फुटबॉल अकैडमी के बीच खेला जाएगा।