पटना, 10 जनवरी। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के द्वारा आयोजित हो रही रणजी ट्रॉफी के अपने दूसरे मैच में बिहार टीम बिना कोई बदलाव के ही उतरेगी। बीसीए के सूत्रों के अनुसार टीम प्रबंधन ने पहले ही मैच वाली टीम को कायम रखा है। आधिकारिक घोषणा अभी नहीं हुई है।
बिहार का दूसरा मुकाबला 12 जनवरी से छत्तीसगढ़ के खिलाफ खेला जायेगा। यह मैच पटना के मोइनुल हक स्टेडियम में खेला जायेगा। एक तरफ पहले मैच में असम को 10 विकेट से हराने के बाद पटना पहुंची छत्तीसगढ़ के हौसले बुलंद हैं।
बिहार टीम को अपने पहले मैच में मुंबई से पारी की हार का सामना करना पड़ा है। उस हार को भूला कर बिहार टीम वापसी करना चाहेगी।
बिहार टीम का एक सदस्य तेज गेंदबाज वीर प्रताप सिंह छत्तीसगढ़ की ओर से खेल चुके हैं। पिछले मैच में वीर प्रताप सिंह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए अपने 100 विकेट पूरे किये थे। उनसे बिहार वासियों को बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है।
बिहार टीम की कमान आशुतोष अमन के पास है।
टीम इस प्रकार है
आशुतोष अमन (कप्तान), सकीबुल गणि (उपकप्तान), विपिन सौरभ (विकेटकीपर), बाबुल कुमार, सचिन कुमार सिंह, वैभव सूर्यवंशी, हिमांशु सिंह, रवि शंकर, रिषभ राज, नवाज खान, विपुल कृष्णा, आकाश राज, बलजीत सिंह बिहारी, सरमन निगरोध, वीर प्रताप सिंह।
सपोर्टिंग स्टॉफ
हेड कोच-विकास कुमार
कोच-प्रमोद कुमार
सहायक कोच-संजय कुमार
फीजियो : डॉ हेमेंदु कुमार
ट्रेनर : गोपाल कुमार
मैनेजर-नंदन कुमार सिंह
बिहार विभाजन के बाद रणजी खेलने की मान्यता मिलने के बाद पहली बार एलीट ग्रुप में खेल रही बिहार टीम ग्रुप में खेलेगी। बिहार के अलावा इस ग्रुप में बंगाल, आंध्रप्रदेश, मुंबई, केरल, छत्तीसगढ़, यूपी, असम की टीम है।

