अटलांटा, 21 जून। फीफा विश्व कप 2026 के ग्रुप-एच मुकाबले में स्पेन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सऊदी अरब को 4-0 से हराकर अपनी दावेदारी और मजबूत कर ली। मर्सिडीज-बेंज स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में स्पेन ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया और सऊदी अरब को कोई मौका नहीं दिया। स्पेन को पहले मैच में केप बर्डे ने 0-0 पर रोक पूरी दुनिया को चौंका दिया। उस निराशा से उबर कर स्पेन ने आज बढ़िया खेल का का प्रदर्शन किया।
स्पेन को शुरुआती बढ़त युवा स्टार लामिन यामाल ने 10वें मिनट में दिलाई। इसके बाद मिकेल ओयारजाबाल ने 21वें और 24वें मिनट में लगातार दो गोल दागकर मैच को एकतरफा बना दिया। पहले हाफ में स्पेन की तेज पासिंग और हाई-प्रेसिंग के सामने सऊदी अरब की टीम पूरी तरह संघर्ष करती नजर आई।
ओयारजाबाल की चमक, सऊदी अरब की मुश्किलें बढ़ीं
तीन गोल से पिछड़ने के बाद भी सऊदी अरब वापसी नहीं कर सका। हालांकि गोलकीपर मोहम्मद अल-ओवैस ने कई शानदार बचाव कर टीम को और बड़े नुकसान से बचाया।
दूसरे हाफ की शुरुआत में सऊदी अरब को एक और झटका लगा, जब डिफेंडर हसन अल-तंबाक्ती ने 49वें मिनट में आत्मघाती गोल कर दिया। इसके साथ ही स्पेन की बढ़त 4-0 हो गई।
स्पेन का दबदबा बरकरार
इसके बाद भी स्पेन ने लगातार हमले जारी रखे। फेरान टोरेस ने एक और गोल किया, लेकिन VAR समीक्षा में ऑफसाइड पाए जाने के कारण उसे रद्द कर दिया गया।
मिडफील्ड में पेड्री, रोद्री और दानी ओल्मो ने खेल की गति को पूरी तरह नियंत्रित रखा। सऊदी अरब ने कुछ मौकों पर आक्रमण करने की कोशिश की, लेकिन वह स्पेनिश रक्षा पंक्ति को कोई खास चुनौती नहीं दे सका।
इस जीत के साथ स्पेन ने ग्रुप-एच में अपनी स्थिति मजबूत कर ली है, जबकि सऊदी अरब पर अगले मुकाबलों में बेहतर प्रदर्शन का दबाव बढ़ गया है।
संक्षिप्त स्कोर:
स्पेन 4-0 सऊदी अरब
गोल स्कोरर: लामिन यामाल (10वां मिनट), मिकेल ओयारजाबाल (21वां, 24वां मिनट), हसन अल-तंबाक्ती (आत्मघाती गोल, 49वां मिनट)
स्थान: मर्सिडीज-बेंज स्टेडियम, अटलांटा
दर्शक: 68,239