गया जी, 21 जून। स्थानीय गांधी मैदान स्थित इंडोर हॉल में रविवार को संपन्न हुए 18वीं उमेश वर्मा बिहार स्टेट इंटर डिस्ट्रिक्ट बैडमिंटन टीम चैंपियनशिप में पटना ने दोहरा खिताब अपने नाम किया। कटिहार की टीम एक वर्ग में चैंपियन बनी। पटना ने बालक वर्ग और पुरुष वर्ग का खिताब जीता जबकि कटिहार ने महिला वर्ग में अपनी बादशाहत कायम की।
बालक वर्ग के फाइनल में पटना ने मुंगेर को दी मात
बालक वर्ग के फाइनल में पटना ने मुंगेर को 2-0 से हराकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। पहले एकल में पटना के सक्षम वत्स ने मुंगेर के अरशदुल्ला को 27-12, 21-12 से जबकि पटना के रणवीर व अक्ष अर्थव ने अरशदुल्ला व पराग सिंह की जोड़ी को 21-19, 16-21, 21-11 से हराकर ट्रॉफी अपने नाम किया।
पुरुष वर्ग में मुजफ्फरपुर पर भारी पड़ा पटना
पुरुष वर्ग में पटना ने मुजफ्फरपुर को 3-1 से हराया। पहले एकल में मुजफ्फरपुर के यशवर्धन ने पटना के कार्तिक को 21-14, 21-18 से हराया। दूसरे एकल में पटना के सक्षम वत्स ने मुजफ्फरपुर के अमृत राज को 21-16, 21-4 से हरा कर मुकाबले को बराबरी पर ला दिया। युगल मुकाबले में पटना के पटना के रणवीर और आर्यन प्रताप की जोड़ी ने मुजफ्फरपुर की अमृत राज और तनवीर अहमद की जोड़ी को 21-13, 21-12 से हराया। तीसरे एकल में पटना के रणवीर ने मुजफ्फरपुर के सत्यम को 21-9, 21-12 से मात दी। दूसरे युगल मुकाबले में पटना के तबरेज और अक्षर अर्थव की जोड़ी ने सत्यम और यशवर्धन की जोड़ी को 21-9, 21-12 से पराजित किया।
महिला वर्ग में कटिहार के आगे पटना फेल
महिला वर्ग के फाइनल में खेले गए एकल मुकाबले में कटिहार ने पटना को 2-0 से हराया। पहले एकल में पटना की सिरजा को कटिहार की भैरवी सिंह ने 12-21, 15-21 से हराया। युगल में पटना की सिमरन व सारा कौशर की जोड़ी को कटिहार की भैरवी सिंह व सौम्या भारती की जोड़ी ने 19-21, 21-16, 11-21 से हरा कर खिताब अपने नाम कर लिया।
पुरस्कार वितरण समारोह
प्रतियोगिता समाप्ति उपरांत सभी विजेता व उपविजेता खिलाड़ियों को मुख्य अतिथि गया जी के जिलाधिकारी शशांक शुभांकर व बिहार बैडमिंटन संघ के महासचिव केएन जायसवाल ने ट्रॉफी, मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। अतिथियों का स्वागत संघ के उपाध्यक्ष डॉ. श्रीप्रकाश सिंह ने किया, जबकि सबके प्रति आभार व्यक्त संघ के सचिव व आयोजन सचिव राजन सिजुआर ने किया।