बीसीए महिला अंडर-19 वनडे ट्रॉफी: सलोनी कुमारी के तूफानी अर्धशतक से टीम ए की बड़ी जीत, टीम एफ ने टीम जी को 6 विकेट से हराया
पटना, 21 जून। बिहार क्रिकेट एसोसिएशन (बीसीए) के तत्वावधान में खेली बीसीए महिला अंडर-19 वनडे ट्रॉफी 2025-26 के लीग मुकाबलों में रविवार को टीम ए और टीम एफ ने शानदार जीत दर्ज की।
भागलपुर के सैंडिस कंपाउंड में खेले गए मुकाबले में टीम ए ने टीम डी को 9 विकेट से करारी शिकस्त दी, जबकि सोनपुर रेलवे स्टेडियम में टीम एफ ने टीम जी को 6 विकेट से हराया।
सलोनी कुमारी ने मचाया धमाल, टीम ए की एकतरफा जीत
सैंडिस कंपाउंड, भागलपुर में खेले गए मुकाबले में टीम डी ने टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी करते हुए 26.4 ओवर में 121 रन बनाए। याशिका ने 41 रन और रितिका राज ने 27 रन की पारी खेली, जबकि अतिरिक्त के रूप में 24 रन मिले।
टीम ए की ओर से साक्षी कुमारी ने घातक गेंदबाजी करते हुए मात्र 4 रन देकर 4 विकेट झटके। संजना चाहर ने 3 विकेट और लक्की कुमारी ने 2 विकेट हासिल किए।
122 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम ए ने आक्रामक बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। सलोनी कुमारी ने सिर्फ 36 गेंदों में 65 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 11 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। दूसरी ओर सृष्टि कुमारी ने नाबाद 28 रन बनाए। टीम ए ने केवल 12 ओवर में 1 विकेट खोकर 122 रन बनाते हुए 9 विकेट से जीत दर्ज कर ली। विजेता टीम की साक्षी कुमारी को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।
संक्षिप्त स्कोर
टीम डी : 26.4 ओवर में 121 रन पर ऑल आउट, याशिका 41, रितिका राज 27, साधना राव 13, अतिरिक्त 24, प्राची कुमारी 1/14, साक्षी कुमारी 4/4, संजना चाहर 3/11, लक्की कुमारी 2/36
टीम ए : 12 ओवर में 1 विकेट पर 122 रन, सृष्टि कुमारी 28, सलोनी कुमारी 65, अतिरिक्त 28, काजल कुमारी 1/23
टीम एफ ने टीम जी को 6 विकेट से हराया
सोनपुर रेलवे स्टेडियम में खेले गए दूसरे मुकाबले में टीम एफ ने टॉस जीता और टीम जी को बैटिंग का न्योता दिया। टीम जी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 40 ओवर में 9 विकेट पर 138 रन बनाए। रिया सिंह ने 96 गेंदों पर 61 रन की संघर्षपूर्ण पारी खेली जबकि आदिश्री अग्रवाल ने 24 रन का योगदान दिया।
टीम एफ की ओर से कप्तान जुली कुमारी और सेजल ने 2-2 विकेट लिए। सिद्धि कुमारी और प्रिया राज को 1-1 सफलता मिली।
139 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम एफ की शुरुआत लड़खड़ाई, लेकिन शिवी सिंह और प्रिया राज ने पारी को संभाल लिया। शिवी सिंह ने 35 रन बनाए, जबकि प्रिया राज ने नाबाद 58 रन की शानदार पारी खेली। एकता राज 15 रन बनाकर नाबाद रहीं। टीम एफ ने 24.1 ओवर में 4 विकेट पर 140 रन बनाकर मुकाबला 6 विकेट से जीत लिया।
टीम जी की ओर से ऋषिका कश्यप ने 2 विकेट लिए, जबकि सागरिका कुमारी और रिया सिंह को 1-1 विकेट मिला। विजेता टीम की प्रिया राज को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।
संक्षिप्त स्कोर
टीम जी : 40 ओवर में नौ विकेट पर 138 रन, आदी श्री अग्रवाल 24, रिया सिंह 61, अतिरिक्त 22, सेजल 2/31, जूली कुमारी 2/14, सिद्धि कुमारी 1/15, प्रिया राज 1/20.
टीम एफ : 24.1 ओवर में 4 विकेट पर 140 रन, शिवि सिंह 35, प्रिया राज नाबाद 58, एकता राज नाबाद 15, अतिरिक्त 18, रिषिका कश्यप 2/30, सागरिका कुमारी 1/29, रिया सिंह 1/10