पटना, 3 मई। पटना का पाटलिपुत्र खेल परिसर दुल्हन की तरह सजा है। विश्व स्तरीय खेल समेत अन्य समारोह में दिखने वाली लेजर लाइटों की रोशनी राजधानी पटना से कोसों दूर इलाके तक पहुंच रही है पर कौतहुल का विषय नहीं क्योंकि पूरा बिहार अभी खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 के रंग में रंग चुका है। हो भी क्यों नहीं क्योंकि खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 का स्लोगन ही है ‘खेल के रंग, बिहार के संग’।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे वर्चुअली उद्घाटन
भारत का यूथ ओलंपिक कहा जाने वाले इस गेम्स का रविवार यानी 4 मई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शाम को वर्चुअली करेंगे। इस मौके पर सीएम नीतीश कुमार और केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मंडाविया शामिल होंगे।
अभिनेता पंकज त्रिपाठी व गायिका मैथिली ठाकुर भी उद्घाटन समारोह का हिस्सा
उद्घाटन समारोह के अवसर पर बॉलीवुड अभिनेता पंकज त्रिपाठी समारोह के हिस्से के रूप में बिहार के शानदार इतिहास को बताएंगे और संदेश देंगे: ‘खेलेगा इंडिया तो खिलेगा इंडिया’। इस मौके गायिका मैथिली ठाकुर समेत अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।
ये कार्यक्रम पहले से ही गिनीज बुक रिकॉर्ड भी हैं शामिल
गया से 137 बौद्ध भिक्षुओं का एक समूह उद्घाटन कार्यक्रम में भाग लेने के लिए पटना पहुंचा है। इस मौके पर 50 महिलाओं द्वारा 50 घंटों में बनाई गई सबसे बड़ी मधुबनी पेंटिंग का अनावरण भी किया जायेगा। बौद्ध भिक्षुओं का कार्यक्रम और मधुबनी पेटिंग को गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड मिल चुका है।
इंटरनेशनल ओलंपिक कमेटी’ की मीडिया टीम भी आ रही है
बिहार में पहली बार आयोजित होने वाली खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 बिहार के कवरेज के लिए पहली बार इंटरनेशनल ओलंपिक कमेटी की मीडिया टीम बिहार आ रही है।
इस बात की जानकारी देते हुए बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक सह मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवीन्द्रण शंकरण ने बताया कि यह बिहार के लिए बहुत खुशी और गर्व की बात है।
कई राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं का सफलतापूर्वक संचालन और आयोजन बिहार में करने के सकारात्मक परिणाम स्वरुप बिहार अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान और सुदृढ़ कर रहा है। इंटरनेशनल ओलंपिक कमेटी की टीम का बिहार में होने वाले खेलो इंडिया यूथ गेम्स के कवरेज के लिए आना इस बात की पुष्टि कर रहा है। उनके कवरेज का बिहार में खेल व्यवस्था और खेल के क्षेत्र में हुए विकास को अंतर्राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने में बहुत मह्त्वपूर्ण योगदान रहेगा।
बिहार के पांच शहरों में आयोजन
4 से 15 मई तक होने वाले खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 के इवेंट बिहार के पांच शहर पटना, राजगीर, गया, भागलपुर और बेगूसराय में आयोजित किये जायेंगे। इसके अलावा नई दिल्ली में शूटिंग, जिमनास्टिक और ट्रैक साइकिलिंग के मुकाबले होंगे।
कुल 28 खेलों की स्पर्धा होंगी आयोजित
आपको बता दें कि यह खेलो इंडिया के तहत सातवां संस्करण होगा। इसमें 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से करीब 10,000 प्रतिभागी हिस्सा लेंगे, जिसमें खिलाड़ी और वालंटियर शामिल हैं। इसमें कुल 28 खेल होंगे, जिनमें ओलंपिक, गैर-ओलंपिक और देसी खेल शामिल हैं। इसके साथ ही साथ ई-स्पोर्ट्स को प्रदर्शनी खेल के रूप में जोड़ा गया है।
खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 में शामिल खेलों के नाम
एथलेटिक्स, तीरंदाजी, बैडमिंटन, बास्केटबॉल, मुक्केबाजी, साइकिलिंग, तलवारबाजी, फुटबॉल, गटका, जिमनास्टिक, हॉकी, जूडो, कबड्डी, कलारीपयट्टू, खो-खो, मलखंब, शूटिंग, तैराकी, सेपक टकरा, टेबल टेनिस, टेनिस, थांग-टा, वॉलीबॉल, वेटलिफ्टिंग, कुश्ती, योगासन, रग्बी और ई-स्पोर्ट्स (प्रदर्शनी खेल) जैसे खेल हैं।
तमिलनाडु खेलो इंडिया यूथ गेम्स में महाराष्ट्र बना था चैंपियन
2024 में तमिलनाडु ने चार शहरों – चेन्नई, मदुरै, त्रिची और कोयंबटूर में KIYG की मेजबानी की थी। इसमें 5,600 से ज्यादा खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। महाराष्ट्र 57 स्वर्ण, 48 रजत और 53 कांस्य पदक के साथ खिताब डिफेंड करते हुए चौथी बार चैंपियन बना था। यह टूर्नामेंट एक टीम चैंपियनशिप है, जिसमें व्यक्तिगत और टीम प्रदर्शन से राज्य या केंद्र शासित प्रदेश की मेडल टैली बनती है। सबसे ज्यादा स्वर्ण पदक जीतने वाली टीम चैंपियन बनती है।
अबतक महाराष्ट्र व हरियाणा का ही रहा है दबदबा
अब तक सिर्फ महाराष्ट्र और हरियाणा ने ही KIYG खिताब जीते हैं। 2018 में हरियाणा ने पहला खिताब (तब खेले इंडिया स्कूल गेम्स) जीता था। महाराष्ट्र ने 2019, 2020, 2023 और 2024 में जीत हासिल की, जबकि हरियाणा ने 2022 में खिताब अपने नाम किया था।
इन शहरों के इन जगहों पर आयोजित होंगी स्पर्धाएं
वेन्यू पटना
एथलेटिक्स : आउटडोर स्टेडियम, पाटलिपुत्र कॉम्प्लेक्स,पटना (12 से 14 मई)
रग्बी : आउटडोर स्टेडियम, पाटलिपुत्र कॉम्प्लेक्स,पटना (6 से 9 मई)
वॉलीबॉल : इंडोर हॉल, पाटलिपुत्र कॉम्प्लेक्स, पटना (4 से 8 मई)
बास्केटबॉल : इंडोर हॉल, पाटलिपुत्र कॉम्प्लेक्स, पटना (10 से 15 मई)
बाक्सिंग : स्पोट्र्स कॉम्प्लेक्स (रेलवे) (10 से 14 मई)
टेनिस : आईएएस भवन (10 से 14 मई)
जूडो : ज्ञान भवन (5 से 8 मई)
कुश्ती : ज्ञान भवन (11 से 15 मई)
साइक्लिंग (रोड) : मैरिन ड्राइव (13 से 14 मई)
सेपक टाकरा : बीएसएपी-5 इंडोर स्टेडियम (पटना) (5 से 10 मई)
वेन्यू राजगीर
तलवारबाजी : इंडोर हॉल,राजगीर स्पोट्स कॉम्प्लेक्स हॉल- 2 (11 से 15 मई)
कबड्डी : इंडोर हॉल,राजगीर स्पोट्स कॉम्प्लेक्स हॉल- 2 (4 से 8 मई)
भारोत्तोलन : इंडोर हॉल,राजगीर स्पोट्स कॉम्प्लेक्स हॉल- 4 (10 से 14 मई)
हॉकी : हॉकी स्टेडियम, राजगीर स्पोट्र्स कॉम्प्लेक्स (7 से 13 मई)
टेबुल टेनिस : इंडोर हॉल,राजगीर स्पोट्स कॉम्प्लेक्स हॉल- 1 (6 से 10 मई)
वेन्यू गया
मलखंब : भारतीय प्रबंधन संस्थान, बोधगया-ओपन ग्राउंड-1 (5 से 8 मई)
कलारीप्पयाट्टू : भारतीय प्रबंधन संस्थान, बोधगया-ओपन ग्राउंड-1 (11 से 13 मई)
योगासन : भारतीय प्रबंधन संस्थान, बोधगया-ओपन ग्राउंड-2 (11 से 14 मई)
गटका : भारतीय प्रबंधन संस्थान, बोधगया-ओपन ग्राउंड-2 (5 से 7 मई)
खो-खो : बिहार लोक प्रशासन एवं ग्रामीण विकास संस्थान-ओपन ग्राउंड (5 से 9 मई)
थांग टा : बिहार लोक प्रशासन एवं ग्रामीण विकास संस्थान-ओपन ग्राउंड (12 से 14 मई)
तैराकी : स्विमिंग पूल, बिहार लोक प्रशासन एवं ग्रामीण विकास संस्थान (5 से 9 मई)
वेन्यू भागलपुर
तीरंदाजी : सैंडिस कंपाउंड कॉम्प्लेक्स (4 से 7 मई)
बैडमिंटन : सैंडिस कंपाउंड कॉम्प्लेक्स (10 से 13 मई)
वेन्यू बेगूसराय
फुटबॉल (पुरुष) : यमुना भगत स्टेडियम (5 से 14 मई)
फुटबॉल (महिला) : आईओसीएल, बरौनी (5 से 14 मई)
वेन्यू नई दिल्ली
साइक्लिंग (ट्रैक) : वेलोड्रोम, इंदिरा गांधी खेल परिसर (6 से 8 मई)
जिम्नास्टिक : जिम्नास्टिक हॉल, इंदिरा गांधी खेल परिसर (5 से 10 मई)
शूटिंग : डॉ. करणी सिंह शूटिंग रेंज (10 से 14 मई)
पहले दिन होंगे इनकी स्पर्धाएं
पहले दिन वॉलीबॉल, जूडो,कबड्डी, मलखंब और तीरंदाजी की स्पर्धाएं शुरू हो जायेंगी। वॉलीबॉल की स्पर्धा सुबह सात बजे से पाटलिपुत्र खेल परिसर के इंडोर हॉल में शुरू होंगे।
खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 को लाइव कहां देखें
खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 की लाइव स्ट्रीमिंग Olympic.com पर उपलब्ध होगी। KIYG 2025 का लाइव प्रसारण भारत में DD स्पोर्ट्स टीवी चैनल द्वारा किया जाएगा।
खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 का लोगो
खेलो इंडिया यूथ गेम्स का ‘लोगो’ बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और खेल भावना का प्रतीक है। इसका नारंगी और हरा रंग उत्साह और प्रकृति का मेल दर्शाता है। डिज़ाइन में महाबोधि मंदिर और नालंदा विश्वविद्यालय का प्रतीक ऐतिहासिक और बौद्धिक विरासत के सम्मान को दर्शाता है। पीपल वृक्ष, गौरैया और गंगेटिक डॉल्फिन प्रकृति और उनके संरक्षण का संदेश देते हैं। मधुबनी पेंटिंग और छठ पूजा जीवंत सांस्कृतिक पहचान को दर्शाता है। वाल्मीकि टाइगर रिजर्व जैव विविधता की मिसाल है। अशोक चक्र और सिंह न्याय, शक्ति और ऐतिहासिक गौरव के प्रतीक हैं। बिहार के नक्शे में सजी यह डिजाइन राज्य की विविध पहचान, सांस्कृतिक धरोहर और खेल संस्कृति के विकास का शक्तिशाली प्रतीक बन चुकी है।
शुभंकर गजसिंह के बारे में
खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025, बिहार के शुभंकर ‘गजसिंह’ का स्वरूप एवं अवधारणा राज्य की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं खेल भावना का प्रतीक है। यह शुभंकर बिहार की समृद्ध पुरातात्विक विरासत से प्रेरित है, जो पाल काल के दौरान नालंदा एवं बोधगया स्थित मंदिरों और स्तंभों पर अंकित गजसिंह (हाथी-सिंह के संयोग) की मूर्तियों से लिया गया है। गजसिंह, खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025, बिहार का शुभंकर मात्र एक प्रतीक नहीं, बल्कि सशक्त, साहसी एवं बुद्धिमान खिलाड़ी की भावना का जीवंत रूप है। यह शुभंकर राज्य की खेल संस्कृति को सुदृढ़ करने एवं देश के युवा खिलाड़ियों को संगठित, अनुशासित एवं उन्नत खेल भावना के लिए प्रेरित करेगा। बिहार, भारत के खेल क्षेत्र में एक नया स्वर्णिम अध्याय लिखने के लिए तत्पर है।
स्लोगन के बारे में
खेल के रंग! बिहार के संग!’ यह केवल नारा नहीं, बल्कि बिहार के खेल पुनर्जागरण का संदेश है, जो राज्य को वैश्विक खेल मानचित्र पर लाने का संकल्प दर्शाता है।
आंकड़े
भाग ले रहे एथलीट : 5238
सपोर्ट स्टॉफ : 1300
खेल : 27
आयोजन शहर : 6
पदक
स्वर्ण-245
रजत-245
कांस्य-302